आधी रात पटना में एनकाउंटर, STF ने दो अपराधियों को मारी गोली, बदमाशों में हड़कंप

Patna Encounter: देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें दो कुख्यात अपराधी पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गए।

आधी रात पटना में एनकाउंटर- फोटो : social Media

Patna Encounter: पटना में जुर्म की दुनिया पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पटना पुलिस और STF की तरफ से चलाए जा रहे खास अभियान ऑपरेशन लंगड़ा का असर अब जमीनी सतह पर साफ दिखाई देने लगा है। इसी मुहिम के तहत बिहटा थाना इलाके के आनंदपुर गांव में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें दो कुख्यात अपराधी पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गए।

मिली सूचना  के मुताबिक रात करीब दो बजे पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि कुख्यात बदमाश विदेशिया उर्फ अवधेश उर्फ अमरेंद्र और उसका साथी पप्पू आनंदपुर गांव के बधार में जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही पटना पुलिस की स्पेशल टीम और STF ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दबिश शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही अपराधियों को पुलिस की मौजूदगी का एहसास हुआ, उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े। इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें AIIMS पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों पुलिस निगरानी में इलाजरत हैं। मौके से हथियार और कई संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अफसरों का कहना है कि ऑपरेशन लंगड़ा का मकसद उन अपराधियों की कमर तोड़ना है, जो पुलिस पर हमला कर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं सरकार और पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार