पटना से जोगबनी जा रही बस का भीषण हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद मचा कोहराम ... एक की मौत, कई घायल
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में देव ट्रैवल्स की बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जख्मी यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
Bihar News : पटना से जोगबनी जा रही देव ट्रैवल्स की यात्री बस सोमवार तड़के करीब तीन बजे भपटियाही थाना क्षेत्र के झाझा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में बस के खलासी भागीरथ झा की मौत हो गई, जबकि बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री जख्मी हो गए। मृतक भागीरथ झा राघोपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में देव ट्रैवल्स की बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जख्मी यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यात्रियों को घर भेज दिए जाने की जानकारी मिली है।
ब्रेक फेल होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
बताया जाता है कि ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक ने उसे झाझा गांव के पास हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया था। चालक की योजना सुबह में ट्रक को ठीक कराने की थी। इसी दौरान सोमवार तड़के करीब तीन बजे पटना से जोगबनी जा रही तेज रफ्तार देव ट्रैवल्स बस खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा और उसके खलासी की जान चली गई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद भपटियाही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और दुर्घटना के समय की परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट