देशी कट्टा और 10 कारतूस के साथ 2 अपराधियों को पुलिस ने दबोचा, हथियार के दम पर शराब तस्करी में रुकावट निपटाने की थी साजिश

पटना की शहजहांपुर थाना पुलिस ने खदेड़कर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार दोनो अपराधियों में एक शराब मामले में पहले भी जेल जा चुका है.....

हथियार के साथ दो शराब तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रजनीश

Patna : पटना की शाहजहांपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों और शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अपराधियों को एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी 2 संजीव कुमार ने बताया कि शाहजहांपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध शराब लेकर शहर में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत एक्टिव कर इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी।


देर रात पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा 

डीएसपी 2 ने बताया कि बीती रात लगभग 2:30 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को आते हुए देखा गया। जब पुलिस बल ने उन युवकों को रुकने का इशारा किया, तो वे पकड़ाने के डर से अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और दोनों युवकों को खदेड़कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।


तालाशी में देशी कट्टा और 10 कारतूस बरामद 

पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दोनों युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। कड़ाई से की गई पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शराब की खेप लेकर आ रहे थे। देशी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस रखने के पीछे उनका मकसद यह था कि यदि रास्ते में पुलिस या किसी अन्य के द्वारा कोई रुकावट पैदा की जाए, तो वे हथियार के बल पर उससे निपट सकें।


एक आरोपी पूर्व में भी जा चुका है जेल 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान राकेश और सुनील के रूप में हुई है। जांच के दौरान यह पता चला कि दोनों में से एक युवक का पूर्व से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने मुकदमों और नेटवर्क का पूरा ब्योरा जुटा रही है।


पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल 

मामले में आर्म्स एक्ट और शराबबंदी कानून से संबंधित संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब और हथियारों के कारोबार में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।


रजनीश की रिपोर्ट