Bihar Crime: भोजपुर में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी की हत्या के बाद लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क पर बवाल, अंचलाधिकारी अंकिता सिंह-थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप

Bihar Crime: आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।...

रिटायर्ड कस्टम अधिकारी की हत्या से बवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: दशहरा को लेकर पुलिस सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था का दावा कर रही है वहीं आरा में दिन दहाड़े हत्या अपराधी कर देते हैं। हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ता है।  आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज के पास कनकपुरी मोहल्ले में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने 14 कट्ठा जमीन के विवाद को हत्या की वजह बताते हुए कुछ अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

बता दें  रामकुमार सिंह अपने बेटे के साथ टहलने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें सात गोलियां लगी थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और हत्या के विरोध में हंगामा करने लगे।

मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने आरोप लगाया कि 14 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनके मुताबिक, जमीन की बाउंड्री तोड़े जाने और परिवार को लगातार धमकियां मिलने के बाद मुफस्सिल थाने में शिकायत देने की कोशिश की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया। सुशीला देवी ने आरके अंचल की अंचलाधिकारी अंकिता सिंह पर भी जमीन के कागजात में कथित हेराफेरी और पैसे लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि इसी जमीन विवाद के चलते उनके पति की हत्या की गई।

वारदात की सूचना मिलते ही भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि परिवार की ओर से जमीन विवाद को हत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष की भूमिका पर उठे सवालों के संबंध में एसपी ने कहा कि परिवार की ओर से दिए जाने वाले आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा भी दिया।

अब पुलिस के सामने हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के साथ-साथ जमीन विवाद और लगाए गए प्रशासनिक आरोपों की सच्चाई सामने लाने की चुनौती है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार