Bihar Crime: बेखौफ अपराधियों ने पुजारी को मारी गोली, सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास मिला शव
Bihar Crime: सारण जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।...
Bihar Crime: सारण जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार की सुबह शिव चर्चा करने वाले एक पुजारी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव में सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है। अपराधियों ने उनके सिर में गोली मारी थी। सुबह-सुबह हत्या की खबर सामने आते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
गोबर फेंकने जा रही महिलाओं ने सबसे पहले देखा शव
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं घर से गोबर फेंकने के लिए निकली थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि वह गांव के ही रवि प्रकाश हैं। इसके बाद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को वारदात की सूचना दी।
डीएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हत्या की सूचना मिलते ही मढ़ौरा-2 के डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, मशरक के अंचल पुलिस निरीक्षक इंद्रजीत महंतों और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
शिव चर्चा और आरती कराते थे रवि प्रकाश
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रवि प्रकाश गांव में शिव चर्चा करते थे। इसके अलावा धरमासती बाजार में भी आरती कराते थे। वह शादीशुदा थे, लेकिन करीब चार साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। इस वारदात के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस, कई बिंदुओं पर जांच
मढ़ौरा-2 के डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रवि प्रकाश की हत्या किसने और किस वजह से की? क्या इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या मामला किसी अन्य विवाद से जुड़ा है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे। घटना के बाद सेरूकहा गांव में भय और तनाव का माहौल है।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी