Bihar Crime: सारण में 48 घंटे के भीतर दो शव मिलने से हड़कंप, युवती की पहचान अब भी रहस्य,युवक की हत्या की आशंका से हड़कंप
Bihar Crime: सारण जिले में पिछले दो दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ...
Bihar Crime: सारण जिले में दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग जगहों से शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। दिघवारा में एक अज्ञात युवती की लाश मिलने से जहां पुलिस के सामने शिनाख्त की चुनौती है, वहीं दरियापुर में करीब 20 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे गड्ढे से मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। दोनों घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
माही नदी के बांध के पास मिली युवती की लाश
पहली घटना दिघवारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ककड़ियां गांव के समीप की है। सोमवार की सुबह माही नदी के बांध के पास जींस और टी-शर्ट पहने एक युवती का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि, मौत की असल वजह को लेकर अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
दरियापुर में गड्ढे से मिला सूरज कुमार का शव
दूसरी घटना मंगलवार की अहले सुबह दरियापुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सामने आई। यहां सड़क किनारे एक गड्ढे से करीब 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान एम कुवारी गांव निवासी सुदर्शन राय के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सूरज का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। सड़क किनारे गड्ढे में शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के सामने दो मामलों की गुत्थी सुलझाने की चुनौती
लगातार दो दिनों में दो शव मिलने से सारण पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। एक ओर अज्ञात युवती की पहचान करना जरूरी है, तो दूसरी ओर सूरज कुमार की मौत के कारणों का पता लगाना होगा। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है। अब सबकी निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं, जिनसे इन मामलों के पीछे की असल कहानी सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र