Bihar Crime: भोजपुरी गीत की धुन पर चली गोली, 25 साल के युवक का सीना हुआ छलनी, बिहार में नाच के मंच पर मौत का तांडव

Bihar Crime:नाच-गाने की महफ़िल में जहां तालियों और सीटियों की गूंज थी, वहीं अचानक गोली की दहशतनाक आवाज़ ने पूरे माहौल को क़त्लगाह बना दिया।

25 साल के युवक का सीना हुआ छलनी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में जश्न का माहौल एक पल में ख़ून और ख़ौफ़ में तब्दील हो गया। नाच-गाने की महफ़िल में जहां तालियों और सीटियों की गूंज थी, वहीं अचानक गोली की दहशतनाक आवाज ने पूरे माहौल को कत्लगाह बना दिया। इस सनसनीखेज वारदात में 25 वर्षीय युवक वीर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना  रोहतास के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढनडीह गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव में नाच कार्यक्रम चल रहा था और मंच पर भोजपुरी गीत “6 सिक्सर” पूरे शबाब पर बज रहा था। लोग झूम रहे थे, भीड़ मदहोशी में डूबी थी, तभी अचानक फायरिंग हुई। किसी को कुछ समझने का मौका भी नहीं मिला और गोली सीधे वीर बहादुर के सीने में जा धंसी।

गोली लगते ही वीर बहादुर जमीन पर गिर पड़ा। लहूलुहान हालत में तड़पते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाले मंजर के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। जो लोग कुछ देर पहले तक जश्न में शरीक थे, वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। नाच का मंच देखते ही देखते मौत की गवाही बन गया।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग हर्ष फायरिंग थी या फिर किसी पुरानी रंजिश का अंजाम।

गांव में घटना के बाद से दहशत और मातम का माहौल है। मृतक वीर बहादुर गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर नाच कार्यक्रम में हथियार कैसे पहुंचे और गोली किसने चलाई।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन तहकीकात की जा रही है। कार्यक्रम के आयोजकों, मौजूद लोगों और संभावित संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि इस खूनी खेल के पीछे छुपा सच सामने आ सके।

रिपोर्ट- रंजन सिंह राजपूत