Bihar crime: भांजे ने मामा को मारी गोली, पुत्र के सामने ही पिता की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी

Bihar crime: जमीन के बंटवारे को लेकर एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना हुई।...

भांजे ने मामा को मारी गोली- फोटो : reporter

Sasaram: नासरीगंज क्षेत्र के परुरी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना हुई। बुधवार को भांजा ने अपने ही मामा बैजनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दर्दनाक वारदात के समय मृतक अपने पुत्र के साथ थे, जिसने पिता के सामने ही उनकी मौत देखी।

घटना के मुख्य आरोपी रंजीत मरवाड़ फिलहाल फरार है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे वर्षों से चल रहे जमीन के बंटवारे का विवाद है।

बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि मृतक बैजनाथ सिंह की बहन और भांजा भी इसी परुरी गांव में रहते हैं। यह परिवार अपने मामा की जमीन में हिस्सेदारी के लिए लंबे समय से दबाव डाल रहा था और इसी विवाद ने हत्यारत घटना को जन्म दिया।

वारदात उस समय हुई जब बैजनाथ सिंह अपने पुत्र के साथ चौराहे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक बड़ी कार से हथियारबंद व्यक्ति आए, जिनमें गोपाल राय और रंजीत मरवाड़ शामिल थे। उन्होंने अपने ही मामा पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल बैजनाथ सिंह को स्थानीय लोग अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने ही मामा की हत्या करने का यह मामला ग्रामीणों और आसपास के लोगों के लिए एक शॉकिंग और भयावह दृश्य था।

पुलिस आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए।

रिपोर्ट- रंजन कुमार