Bihar Crime:घर में घुसकर मां-बेटी को अपराधियों ने मारी गोली, प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम
Bihar Crime:बिहार में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ...
Bihar Crime:बिहार में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शिवहर के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र स्थित लालगढ़ योगिया गांव में देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घायल महिलाओं की पहचान राजकुमारी देवी, पति केदार राउत और उनकी बेटी रौशनी कुमारी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए शिवहर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल राजकुमारी देवी की पुत्री के बयान के आधार पर कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। हालांकि, गोलीबारी की पूरी वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाल रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है और जल्द ही वारदात का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।घर में घुसकर मां-बेटी को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भी खौफ का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली चलाने की साजिश किसने रची और वारदात में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा किसी अन्य शख्स की भूमिका थी या नहीं।
शिवहर से मनोज कुमार की रिपोर्ट