Bihar Crime: बिहार में बमबारी, विस्फोट के बाद लगी आग, दूसरा बम निकला जिंदा, इलाके में हड़कंप

Bihar Crime:अपराधियों ने एक दुकान सह आवास को निशाना बनाकर बमबारी कर दी।...

बिहार में बमबारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के कटहरा थाना क्षेत्र में  अपराधियों ने एक दुकान सह आवास को निशाना बनाकर बमबारी कर दी। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना के वक्त घर के बाहर सो रहे परिवार के छह सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना करहटिया बुजुर्ग गांव की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2:30 बजे रामनाथ राय अपने तीन पोते और एक पोती समेत परिवार के छह सदस्यों के साथ दुकान से सटे चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज से सभी की नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो दुकान से धुआं उठ रहा था और आग लगी हुई थी।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, अपराधियों ने दो बम फेंके थे। इनमें से एक बम दुकान के पास फट गया, जिससे आग लग गई और वहां रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दूसरा बम घर के बाहर सो रहे परिवार के सदस्यों के पास फेंका गया, लेकिन वह विस्फोट नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से जिंदा बम बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया। घटनास्थल से बम के अवशेष भी जब्त किए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल में तैनात सब इंस्पेक्टर सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम और महुआ अंचल निरीक्षक रणवीर कुमार झा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

पीड़ित रामनाथ राय ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि घटना से पहले परिवार की महिलाओं का जीविका दीदी के सीएम से कुछ बिंदुओं को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर जीविका दीदी के परिवार के प्रशांत कुमार समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

रामनाथ राय ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि इसी रंजिश में आरोपितों ने जान मारने की नीयत से सो रहे परिवार पर बम से हमला किया। पुलिस अब प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ-साथ घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार