Bihar Crime: तेज बाइक चलाने के विवाद में दलित युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत, लोगों ने सड़क पर शव रखकर किया जाम
Bihar Crime: तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया...
Bihar Crime: वैशाली के कटहरा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर सेहान गांव में तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने 30 वर्षीय दलित युवक नरेश कुमार उर्फ सिक्सर की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में इलाज के दौरान पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सेहान हाई स्कूल के पास जाम कर दिया।
मृतक की पहचान अख्तियारपुर सेहान गांव निवासी तरुण पासवान के पुत्र नरेश कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार देर रात नरेश अपने साथी प्रकाश पासवान के साथ बाइक से सेहान चौक गया था। लौटने के दौरान हाई स्कूल के पास चकौलिया गांव निवासी रकटु सिंह, निखिल कुमार समेत अन्य लोगों ने दोनों युवकों को रोक लिया।
आरोप है कि तेज बाइक चलाने को लेकर कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी नशे में थे और दोनों युवकों की जमकर पिटाई की गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल नरेश व प्रकाश को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से दोनों को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच भेज दिया गया। इलाज के दौरान नरेश ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रकाश का इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सूचना पर कटहरा थाना पुलिस और महुआ एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। नरेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है और घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार