वैशाली: रिश्वतखोर अंचल अमीन पर SVU का शिकंजा, 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

विशेष निगरानी इकाई की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले के लालगंज अंचल में पदस्थापित अंचल अमीन को घूस लेते गिरफ्तार किया है। अमीन जमीन परिमार्जन और मापी के नाम पर 3.60 लाख की घूस मांगी थी, जिसमें 50 हजार पहली किस्त ले रहा था...

अमीन घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna/Vaishali : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने सोमवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की है। वैशाली जिले के लालगंज अंचल में पदस्थापित अंचल अमीन सुजीत कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। SVU की टीम ने यह कार्रवाई पटना से जाकर लालगंज में की, जिससे अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। आरोपी अमीन जमीन के परिमार्जन और मापी के बदले पीड़ितों से मोटी रकम की मांग कर रहा था।


विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक श्री पंकज कुमार दाराद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वैशाली के सराय निवासी आनन्द कुमार और लालगंज के मुर्गीयाचक निवासी पप्पू कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादियों ने बताया था कि उन्होंने जमीन के परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। इसी काम के बदले अमीन सुजीत कुमार द्वारा पप्पू कुमार से 3 लाख रुपये और आनन्द कुमार से 60 हजार रुपये, यानी कुल 3.60 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।


शिकायत मिलने के बाद SVU ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद, आरोपी अमीन के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई थाना में कांड संख्या-18/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्री चन्द्रभूषण के नेतृत्व में एक विशेष धावा-दल का गठन किया गया ताकि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। सोमवार को जैसे ही अमीन ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उसे दबोच लिया।


गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी अमीन को पटना ले आई है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं।


एसवीयू की इस कार्रवाई से उन भू-माफियाओं और बिचौलियों के बीच भी हड़कंप है जो अंचल कार्यालयों में सक्रिय रहते हैं। फिलहाल पुलिस अमीन के अन्य संपर्कों और क्या उसने पूर्व में भी ऐसे ही किसी काम के लिए पैसे लिए हैं, इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को संबंधित विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने SVU की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


अनिल की रिपोर्ट