Bihar Crime:वैशाली में हर्ष फायरिंग से दो जख्मी, इलाके में दहशत का मंजर, जश्न के नाम पर बारूद की हुई नुमाइश
Bihar Crime: शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग ने दो लोगों को गोली का शिकार बना दिया। जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजी, महफिल में अफरा-तफरी मच गई...
Bihar Crime: वैशाली जिले के भगवतपुर गांव में खुशियों का जश्न अचानक खून और खौफ में तब्दील हो गया। दिनेश राय के घर चल रहे शादी समारोह में देर रात हुई हर्ष फायरिंग ने दो लोगों को गोली का शिकार बना दिया। जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजी, महफिल में अफरा-तफरी मच गई और शहनाई की धुन चीख-पुकार में बदल गई।
घायलों को आनन-फानन में मुजफ्फरपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जख्मियों में एक की पहचान बेलसर थाना क्षेत्र के साईन गांव निवासी रेखा कुमारी के रूप में हुई है। उनके पति मुकेश कुमार बेलसर थाना में चौकीदार के पद पर तैनात हैं।
रेखा कुमारी ने बताया कि वह अपने पति के साथ शादी से लौट रही थीं। भगवतपुर पुल के समीप अचानक एक शख्स ने दुनाली बंदूक तान दी और फायर झोंक दिया। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। हमलावर कौन था, यह वह पहचान नहीं सकीं। इस बयान ने पूरे मामले को और संगीन बना दिया है क्या यह महज़ हर्ष फायरिंग थी या किसी रंजिश की परछाईं?
वैशाली थाना अध्यक्ष राजकुमार ने पुष्टि की कि दिनेश राय की बेटी की शादी के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें रेखा कुमारी जख्मी हुई हैं। पुलिस अब उस शख्स की तलाश में जुटी है, जिसने खुशी के मौके को दहशत में बदल दिया।
गांव में दहशत का माहौल है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर कब तक जश्न के नाम पर बारूद की नुमाइश होती रहेगी? फिलहाल पुलिस जांच में लगी है और आरोपी की पहचान कर उसे कानून के शिकंजे में लेने की तैयारी कर रही है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार