IIT Mains Exam : जेईई मेन के लिए अब तक 15.69 लाख छात्रों ने किया आवेदन, 26 नवंबर तक मिलेगा मौका
IIT Mains Exam : आईआईटी मेंस के लिए अब तक कुल 15,69,514 आवेदन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं, जिनमें से 13,92,344 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान भी कर दिया है।
N4N DESK : जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द समाप्त होने वाली है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार, अब तक 15 लाख से अधिक फॉर्म जमा किए जा चुके हैं। छात्र अभी आवेदन कर सकते हैं और यह आवेदन करने का अंतिम मौका है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मुताबिक, जेईई मेन के लिए कुल 15,69,514 आवेदन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं। इनमें से 13,92,344 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान भी पूरा कर लिया है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका 26 नवंबर तक है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपना आवेदन पूरा कर लें। आवेदन प्रक्रिया जेईई मेन एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी की जा सकती है।
अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरने के साथ शुल्क भुगतान की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी। गौरतलब है कि जेईई मेन देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है। इसके जरिए अभ्यर्थियों को विभिन्न इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अवसर मिलता है। आवेदन या शुल्क भुगतान से जुड़ी किसी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी एनटीए की हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 1800-180-4747 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। आवेदन की अंतिम तिथि (विलंब शुल्क सहित) 26 नवंबर है। वहीं, आईआईटी में प्रवेश पाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जेईई एडवांस्ड की परीक्षा आयोजित की जाती है। जेईई एडवांस्ड 2027 की परीक्षा 23 मई (रविवार) को आयोजित की जाएगी। छात्र इस परीक्षा में ऑन-स्क्रीन बेसिक कैलकुलेटर इस्तेमाल कर सकेंगे।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी दिल्ली ने हाल ही में यह आधिकारिक घोषणाएं की हैं। इस बार आईआईटी दिल्ली जेईई एडवांस्ड 2027 का आयोजन करने वाला संस्थान है। छात्रों की सुविधा के लिए आईआईटी दिल्ली ने परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू कर दी है। इस वेबसाइट पर परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पात्रता मानदंड उपलब्ध कराए गए हैं। वेबसाइट के माध्यम से अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड 2027 में शामिल होने के लिए महत्वपूर्ण शर्तों की पूरी जानकारी ले सकते हैं।