Burning Car: वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा परिवार दर्दनाक हादसे का हुआ शिकार, चलती CNG कार में लगी आग, 5 लोग जिंदा जले
Burning Car: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। सीएनजी गैस के रिसाव के कारण अचानक आग लग गई। हादसे में कार सवार जिंदा चल गए।
Burning Car: वैष्णों देवी के दर्शन कर परिवार हंसी खुशी वापस लौट रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर होगा। रास्ते में परिवार के साथ ऐसा हादसा हुआ जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक चलती कार में आग लग गई और कार में मौजूद 5 लोग जिंदा जल गए। हादसा इतना दर्दनाक था कि मृतकों का कंकाल तक नहीं मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
जानकारी अनुसार यह हादसा अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास हुआ, जहां चलती कार में सीएनजी गैस के रिसाव के कारण अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव निवासी एक परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था। परिवार ने यात्रा के लिए एक टैक्सी किराए पर ली थी। बुधवार देर रात करीब 11 बजे जैसे ही वाहन मौजपुर क्षेत्र में पहुंचा, कार में सीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।
5 लोग जिंदा जले
आग इतनी तेज थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव पूरी तरह जल चुके हैं और पहचान मुश्किल हो गई है। घटना में कार चालक भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल बाहर निकालकर इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांचों लोगों की जान जा चुकी थी। पुलिस ने बताया कि वाहन सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाला था और प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को आग लगने का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद मेडिकल टीम को बुलाकर शवों के डीएनए परीक्षण की तैयारी की जा रही है, ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।