Bihar Politics: राज्यसभा जाएंगे भोजपुरी गायक पवन सिंह ! बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने पहुंचे पावर स्टार, सियासी हलचल तेज

Bihar Politics: भोजपुरी गायक पवन सिंह आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। पवन सिंह के राज्यसभा जाने की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।

नितिन नवीन से मिले पवन सिंह - फोटो : social media

Bihar Politics: भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्मी गाना नहीं बल्कि उनकी राजनीतिक पारी है। गुरुवार को दिल्ली में पवन सिंह ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा उन्हें राज्यसभा भेज सकती है।

 क्या होने वाली है 'बड़ी डील'?

साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पवन सिंह भाजपा के 'स्टार प्रचारक' के तौर पर उभरे थे। माना जा रहा है कि एनडीए की बंपर जीत और राजपूत-कुशवाहा समीकरण को साधने में पवन सिंह की भूमिका अहम रही, जिसका 'इनाम' पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजकर दे सकती है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पहले भी संकेत दिए थे कि पार्टी ने पवन सिंह के लिए कुछ 'बड़ा' सोच रखा है। काराकाट से लोकसभा चुनाव में हारने के बाद जिस तरह से पवन सिंह की भाजपा में 'घर वापसी' हुई और उनकी सीधी पहुँच गृह मंत्री अमित शाह तक हुई, उससे उनके सदन जाने का रास्ता साफ नजर आ रहा है।

नितिन नवीन की नई टीम

नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बड़ी मुलाकात है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा युवाओं और लोकप्रिय चेहरों को आगे बढ़ाकर बिहार में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।

बिहार में खाली हो रही हैं सीटें

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटें अप्रैल में खाली हो रही हैं। विधायकों की संख्या बल के हिसाब से भाजपा के खाते में दो सीटें पक्की मानी जा रही हैं। चर्चा है कि एक सीट पर भाजपा अपने किसी संगठन के अनुभवी नेता को भेजेगी, वहीं दूसरी सीट पर पवन सिंह जैसे 'क्राउड पुलर' चेहरे पर दांव खेल सकती है। पवन सिंह केवल एक गायक नहीं, बल्कि एक बड़ा वोट बैंक हैं। उन्हें राज्यसभा भेजकर भाजपा शाहाबाद और मगध क्षेत्र में अपनी पैठ और गहरी करना चाहती है।