BJP National President: BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय! इस दिन होगा ऐलान, जानिए किसे मिलेगी जिम्मेदारी
BJP National President: भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामों पर अब सहमति बनती नजर आ रही है। सूत्रों की मानें तो इस दिन के बाद नए नाम का ऐलान हो जाएगा।
BJP National President: भारतीय जनता पार्टी में पिछले कई महीनों से राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज थी। बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। खबर सामने आ रही थी कि इस बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी महिला नेता को मिल सकता है। वहीं अब तमाम कयासों पर पूर्णविराम लगता नजर आ रहा है। बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होंगे इसको लेकर सहमति बन गई है और सूत्रों की मानें तो 15 अगस्त के बाद नाम का ऐलान भी हो जाएगा।
बीजेपी को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष
मिली जानकारी अनुसार भाजपा स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के बाद अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने की तैयारी में है। यह निर्णय पार्टी के संगठनात्मक चुनावों के कुछ राज्यों में पूरा होने के बाद लिया जाएगा। फिलहाल राष्ट्रीय नेतृत्व और संघ (RSS) के बीच नए अध्यक्ष को लेकर मंथन जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई है, लेकिन चार प्रमुख नामों की एक संभावित सूची जरूर सामने आई है।
निष्पक्ष और अनुभवी चेहरा हो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट सुझाव दिया है कि ऐसा चेहरा चुना जाए जो संगठनात्मक अनुभव रखता हो और पार्टी के भीतर जिसकी निष्पक्ष छवि हो। इसी आधार पर चार वरिष्ठ नेताओं के नामों पर विचार किया जा रहा है।
अध्यक्ष पद की रेस में ये चार नाम सबसे आगे
1.धर्मेंद्र प्रधान (ओडिशा)- केंद्र सरकार में मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वह पूर्व में कई राज्यों में चुनावी प्रबंधन से लेकर पार्टी विस्तार तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
2.भूपेंद्र यादव (राजस्थान)- केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। वह कई अहम चुनावी रणनीतियों और गठबंधन मामलों में भूमिका निभा चुके हैं।
3.शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश)- पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जनाधार के साथ-साथ संगठन पर मजबूत पकड़ के लिए जाना जाता है। उनका नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
4.बीडी शर्मा (छत्तीसगढ़)- वरिष्ठ नेता बीडी शर्मा पार्टी में गहरी पैठ रखते हैं और संगठनात्मक ढांचे को बारीकी से समझते हैं। हाल ही में उनका नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हुआ है।
पहले होगी केंद्रीय परिषद की बैठक
सूत्रों के अनुसार, भाजपा जल्द ही केंद्रीय परिषद (National Council) की बैठक बुलाएगी। जहां इन चार नामों पर चर्चा कर अंतिम नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। इसके बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
10 लाख बूथों पर होगा मतदान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के प्रभारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि अभी तक 10 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे कर लिए गए हैं। उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में अभी प्रक्रिया बाकी है। उन्होंने बताया कि देशभर में 10 लाख से अधिक बूथों पर मतदान कराया जाएगा। जिनमें से 7.5 लाख बूथों पर प्रभारी पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं।
15 अगस्त के बाद होगी घोषणा
डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा के लिए अभी तक कोई अंतिम समयसीमा तय नहीं की गई है, लेकिन एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अब लगभग तय माना जा रहा है कि भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम 15 अगस्त के बाद घोषित होगा। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ की सहमति से किस नेता के नाम पर मुहर लगती है। पार्टी का अगला अध्यक्ष लोकसभा चुनाव 2029 तक की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।