जंतर-मंतर पर उमड़ा जनसैलाब, CJP के संसद मार्च को लेकर दिल्ली में तनाव, छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज
संसद की ओर मार्च को रोकने के लिए जंतर-मंतर और संसद के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय दिल्ली की कई सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है
CJP Sansad Chalo : Cockroach Janta Party (CJP) के आह्वान पर सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हजारों प्रदर्शनकारी जुटे। भारी बारिश और राजधानी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारियों का जुटना जारी रहा। CJP ने कथित परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर ‘चलो संसद’ मार्च का आह्वान किया है। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित इस मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संसद की ओर मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है। नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के जमावड़े, जुलूस और प्रदर्शन पर रोक है। हालांकि, जंतर-मंतर निर्धारित प्रदर्शन स्थल है, जहां अनुमति के साथ प्रदर्शन किया जा सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति संसद की ओर बढ़ने वाले किसी भी मार्च को रोका जाएगा।
सोमवार का लाइव अपडेट:
सुबह से ही प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचते रहे। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शन स्थल पर भीड़ बढ़ती गई। CJP ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा कि बारिश और भारी सुरक्षा भी प्रदर्शनकारियों को रोक नहीं सकती। पार्टी ने समर्थकों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखने की अपील की है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में कथित परीक्षा अनियमितताओं पर जवाबदेही और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती
संसद की ओर मार्च को रोकने के लिए जंतर-मंतर और संसद के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय दिल्ली की कई सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है और यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद किए जाने की सूचना है।
सोनम वांगचुक की अपील
प्रदर्शन के केंद्र में अब सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी हैं। लंबे अनशन के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल से उन्होंने प्रदर्शनकारियों से संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है। उनकी ओर से यह संदेश भी सामने आया कि आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से संसद तक पहुंचाया जाना चाहिए।
दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे बारिश, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रतिबंधों के बावजूद अपनी आवाज संसद तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि संसद सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। ऐसे में जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और संसद की ओर प्रस्तावित मार्च के बीच दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि उनके क्षेत्र में इन्टरनेट की सेवा बाधित कर दी गई है। इससे जुड़े स्क्रीन शॉट भी लोगों ने साझा किये गये हैं।