पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, 94 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

मोहसिना किदवई देश की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में शामिल रही हैं। उन्होंने राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

Mohsina Kidwai - फोटो : news4nation

Mohsina Kidwai : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई  का बुधवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं। परिवार के अनुसार उन्होंने नोएडा स्थित मेट्रो अस्पताल में सुबह अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह उम्र से संबंधित बीमारियों से लंबे समय से जूझ रही थीं। परिजनों ने जानकारी दी है कि उनका अंतिम संस्कार आज शाम करीब 5 बजे दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में किया जाएगा।


मोहसिना किदवई देश की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में शामिल रही हैं। उन्होंने राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह अपने लंबे राजनीतिक करियर में लोकसभा और राज्यसभा दोनों की सदस्य रहीं। इसके अलावा, वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी और पार्टी की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की सदस्य भी रह चुकी थीं। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।


मोहसिना किदवई का जन्म 1932 में हुआ था और वे राष्ट्रीय राजनीति में कुछ प्रमुख मुस्लिम महिला नेताओं में से एक के रूप में उभरीं। उन्होंने कम उम्र में ही कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया और उच्च पदों पर पहुंचीं।मोहसिना तीन बार मेरठ से लोकसभा सांसद रही। उन्होंने राजीव गांधी सरकार में मंत्री रहते हुए देश में शहरी विकास की दिशा में राजीव के सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।