IIFF 2026: फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बनेगा बिहार, वैश्विक निवेशकों के सामने दिखाई औद्योगिक ताकत

फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बनेगा बिहार- फोटो : धीरज सिंह

Delhi : नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 10वें इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर (IIFF) 2026 में बिहार ने खुद को देश के उभरते फुटवियर विनिर्माण केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया। "बिहार: द नेक्स्ट फ्रंटियर ऑफ ग्लोबल फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग" विषय पर आयोजित विशेष राज्य सत्र में राज्य की नई औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल माहौल और इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि राज्य अब कृषि के साथ-साथ आधुनिक विनिर्माण का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।


उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को दिया आमंत्रण

सत्र को संबोधित करते हुए बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को बिहार में निवेश का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रचुर श्रमशक्ति, बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा का माहौल उपलब्ध है। सरकार नीतिगत सुधारों के साथ उद्योगपतियों को हर संभव सुविधाएं दे रही है, जिससे बिहार फुटवियर क्षेत्र के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है।


उद्योग सचिव ने गिनाईं औद्योगिक नीतियां और सुविधाएं

उद्योग विभाग के सचिव  कुंदन कुमार ने अपने प्रेजेंटेशन में राज्य में मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क की उपलब्धता, लीज-रेंटल आधार पर प्लॉट, लॉजिस्टिक नेटवर्क और सिंगल विंडो क्लीयरेंस की जानकारी दी। वहीं स्थानिक आयुक्त  मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली स्थित बिहार भवन निवेशकों को त्वरित सहायता प्रदान कर रहा है। इसके अलावा FDDI के एमडी विवेक शर्मा ने राज्य में कुशल कार्यबल और डिजाइन नवाचार की संभावनाओं पर बल दिया।


125 करोड़ के दो एमओयू पर हस्ताक्षर, 1,800 को रोजगार

राज्य सत्र के दौरान बिहार सरकार की मौजूदगी में पटना लेदर और लहर फुटवियर के साथ कुल ₹125 करोड़ के निवेश से जुड़े दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए। इन प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से राज्य में लगभग 1,800 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उद्योगपतियों ने भी बिहार में अपने निवेश और सरकार के सहयोगात्मक रवैये के सकारात्मक अनुभव साझा किए।


केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया फेयर का उद्घाटन

इससे पूर्व तीन दिवसीय IIFF 2026 का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री  गिरिराज सिंह ने किया। उन्होंने फुटवियर इंडस्ट्री में आधुनिक तकनीक, नवाचार और निर्यात बढ़ाने पर जोर दिया। भारत मंडपम में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मेले में देश-विदेश की कई नामी कंपनियां, मशीनरी निर्माता और खरीदार भाग ले रहे हैं।

धीरज की रिपोर्ट