गोरा और खूबसूरत बनाने वाली इन 2 क्रीमों का करते हैं इस्तेमाल तो हो जाएं सावधान, जारी हुई बड़ी चेतावनी, पाकिस्तान कनेक्शन

CDSCO ने लोगों से इन दोनों उत्पादों को न खरीदने और इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। प्राधिकरण के मुताबिक, कॉस्मेटिक उत्पादों में अत्यधिक मात्रा में मौजूद भारी धातुएं शरीर पर हानिकारक विषैले प्रभाव डाल सकती हैं।

Pakistan-Made Whitening Creams - फोटो : news4nation

Pakistan-Made Whitening Creams  : चेहरे को गोरा और खूबसूरत बनाने का दावा करने वाली पाकिस्तान में बनी दो कॉस्मेटिक क्रीम को लेकर भारत में बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने भारत में बिक्री के लिए अनधिकृत पाया है। जांच में इन उत्पादों में भारी धातुओं (Heavy Metals) की मात्रा भी निर्धारित सुरक्षित स्तर से अधिक पाई गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं पैदा हो सकती हैं।


CDSCO ने 8 सितंबर को जारी नोटिस में कहा कि जांच और विश्लेषण के दौरान दोनों कॉस्मेटिक उत्पादों के भारत में बिक्री के लिए अधिकृत नहीं होने की पुष्टि हुई है। इन उत्पादों के आयात और बिक्री के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से कोई वैध रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है।


औषधि नियंत्रक प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि भारत में कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण और आयात को Drugs and Cosmetics Act, 1940 तथा Cosmetics Rules, 2020 के तहत नियंत्रित किया जाता है। देश में कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण या बिक्री के लिए संबंधित लाइसेंस जरूरी है। वहीं, विदेश से आयात किए जाने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों को निर्धारित नियमों के तहत केंद्रीय लाइसेंसिंग प्राधिकरण के साथ पंजीकृत कराना अनिवार्य है।


CDSCO ने ग्राहकों को दी चेतावनी

CDSCO ने लोगों से इन दोनों उत्पादों को न खरीदने और इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। प्राधिकरण के मुताबिक, कॉस्मेटिक उत्पादों में अत्यधिक मात्रा में मौजूद भारी धातुएं शरीर पर हानिकारक विषैले प्रभाव डाल सकती हैं। ऐसे में केवल त्वचा को गोरा करने या खूबसूरत दिखने के दावे के आधार पर किसी अनधिकृत क्रीम का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।


दुकानदारों और विक्रेताओं को भी निर्देश

CDSCO ने केवल उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि दुकानदारों और अन्य प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी दी है। Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream को बेचने, वितरित करने या इनका विज्ञापन करने पर रोक लगाई गई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया डॉ. राजीव रघुवंशी के हस्ताक्षर वाले नोटिस में सभी नियामक प्रवर्तन इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि दोनों अनधिकृत कॉस्मेटिक उत्पाद बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध न हों।


ऐसे में यदि किसी उपभोक्ता को बाजार या ऑनलाइन माध्यम से इन दोनों नामों वाली क्रीम मिलती है, तो उसे खरीदने या इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है।