Captain Smit Machchhar: बहादुरी को सलाम ! कैप्टन स्मित मछार को मैनकाइंड फार्मा देगी एक करोड़ रूपये का इनाम, कंपनी ने बताया 'असली हीरो'

Captain Smit Machchhar: कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सलाम करते हुए जानी-मानी दवा निर्माता कंपनी मैनकाइंड फार्मा ने उन्हें एक करोड़ रूपये इनाम देने का ऐलान किया है.......पढ़िए आगे

स्मित मछार को इनाम - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : जानी-मानी दवा निर्माता कंपनी मैनकाइंड फार्मा ने कैप्टन स्मित मछार की अदम्य बहादुरी को सलाम करते हुए उन्हें ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये) का इनाम देने का बड़ा ऐलान किया है। फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या FZ-174 कुल 174 यात्रियों को लेकर इजरायल की ओर उड़ान भर रही थी। जब विमान हजारों फीट की ऊंचाई पर आसमान में था, तभी सह-पायलट ने मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मछार पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया।

शुरुआती जांच और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी को-पायलट 9/11 जैसे भयावह आतंकी हमले की तर्ज पर इस यात्री विमान को इजरायल की सीमा में क्रैश कराने की सनक भरी साजिश रच रहा था। हालांकि, उसके इस खौफनाक मंसूबे के बीच भारतीय मूल के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मछार ढाल बनकर खड़े हो गए। गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय दिया तथा किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। कॉकपिट का दरवाजा खुलते ही विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स और सतर्क यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को-पायलट को दबोच लिया और एक बड़े विमान हादसे को टाल दिया।

मैनकाइंड फार्मा ने कैप्टन स्मित मछार के इस हैरतअंगेज शौर्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इस वित्तीय सहायता की घोषणा की है। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि कैप्टन स्मित हमारे दौर के असली हीरो हैं, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों बेगुनाह मासूमों की जिंदगी बचाई। फार्मा कंपनी के अनुसार, ऐसे साहसी कदम न केवल एक मिसाल कायम करते हैं, बल्कि हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर देते हैं।

कंपनी ने अपनी घोषणा में कहा, "आपने पूरी दुनिया के सामने जिस अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य और अटूट कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है, उसे देखते हुए एक भारतीय के तौर पर हमें अत्यंत गर्व महसूस हो रहा है। इसी सम्मान और आभार के प्रतीक के रूप में मैनकाइंड फार्मा ने आपको और आपके परिवार को एक करोड़ रुपये का योगदान देने का सहर्ष निर्णय लिया है।"