केदारनाथ मंदिर परिसर में अब नहीं कर सकेंगे यह काम, लगा पूर्ण प्रतिबंध, नियम तोड़ा तो होगी बड़ी कार्रवाई

मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, इस कारण अब केदारनाथ मंदिर में मोबाइल उपयोग को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है.

Kedarnath temple- फोटो : news4nation

Kedarnath Temple : केदारनाथ मंदिर में अब श्रद्धालुओं के लिए नए नियम लागू कर दिए गए हैं। मंदिर समिति ने परिसर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के तहत कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर में मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा और न ही फोटो, वीडियो या रील्स बनाने की अनुमति होगी।


मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


दरअसल, हाल के समय में मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई श्रद्धालु दर्शन के दौरान फोटो और वीडियो बनाने में व्यस्त रहते थे, जिससे अन्य भक्तों को दर्शन करने में कठिनाई होती थी। साथ ही, भीड़भाड़ के बीच मोबाइल इस्तेमाल से सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा था।


मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस कदम से न केवल धार्मिक वातावरण की गरिमा बनी रहेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को भी सुचारू रूप से दर्शन करने में सुविधा मिलेगी।