'महिलाओं के नाम पर राजनीति चमका रहे पीएम मोदी का हुआ पर्दाफाश', प्रियंका का आरोप - बीजेपी ने रची बड़ी साजिश

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में संविधान संशोधन विधेयक लाकर एक बड़ी साजिश रची गई थी जो धराशायी हो गई.

Priyanka Gandhi- फोटो : news4nation

Priyanka Gandhi :  प्रियंका गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का गिरना लोकतंत्र की बड़ी जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रची गई थी, जिसे विपक्ष ने मिलकर नाकाम कर दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह परिणाम संविधान, देश और विपक्ष की एकता की जीत है। उन्होंने कहा, मोदी सरकार की संघीय ढांचे को बदलने की साजिश की थी, जिसे हमने हरा दिया।  ये संविधान की जीत है, देश की जीत है, विपक्ष की एकता की जीत है- जो सत्ता पक्ष के नेताओं के चेहरे पर साफ दिख रही थी। 


उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में संकेत दिया था कि जो इस प्रस्ताव से सहमत नहीं होंगे, उन्हें सदन में बैठने का अधिकार नहीं होना चाहिए। इससे विपक्ष सरकार की मंशा को लेकर चौंक गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की रणनीति दोहरी थी—यदि विधेयक पारित हो जाता तो उसे अपनी जीत बताती, और यदि नहीं होता तो विपक्ष को महिला विरोधी बताकर खुद को महिलाओं का हितैषी साबित करने की कोशिश करती। 


प्रियंका ने कहा कि महिलाओं के नाम पर राजनीति कर सत्ता में बने रहने की कोशिश की जा रही थी और इसका वास्तविक उद्देश्य परिसीमन से जुड़ा हुआ था, जो 2029 तक संभव नहीं है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश की महिलाएं सब देख रही हैं और ऊन्होंने उन्नाव, हाथरस और मणिपुर जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार के दावों पर सवाल उठाए। 


उन्होंने कहा कि यह साफ है कि यह कदम महिलाओं के हित में नहीं बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए उठाया गया था। उन्होंने विपक्ष द्वारा एकजुट होकर इसका विरोध करने पर संतोष जताया।


वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा और यह उनके लिए एक ऐसा काला धब्बा है जो कभी मिटेगा नहीं।