Neha Singh Rathaur : राष्ट्रीय महिला आयोग ने नेहा सिंह राठौर विवाद पर लिया संज्ञान, चैनल से मांगी 15 दिनों में एक्शन-टेकन रिपोर्ट

Neha Singh Rathaur : राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ एक समाचार चैनल द्वारा कथित तौर पर प्रसारित की गई आपत्तिजनक और भ्रामक खबर पर स्वतः संज्ञान लिया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्रवाई - फोटो : SOCIAL MEDIA

NEW DELHI : लोक गायिका और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर से जुड़े न्यूज के एक मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है। मामला एक समाचार चैनल द्वारा कथित तौर पर उनके खिलाफ प्रसारित की गई आपत्तिजनक और भ्रामक खबर से जुड़ा है। सोमवार को आयोग ने उन रिपोर्ट्स पर गंभीर रुख अपनाया, जिनमें एक न्यूज चैनल पर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और बदनाम करने वाला कंटेंट प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया था। गायिका का आरोप है कि चैनल ने उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह रिपोर्ट दिखाई थी।

चैनल ने मांगी माफी

सोशल मीडिया पर भारी आलोचनाओं और विरोध के बाद, संबंधित समाचार चैनल ने आखिरकार अपनी गलती स्वीकार कर ली है। चैनल ने माना कि प्रसारित की गई रिपोर्ट गलत थी और इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है।

NCW का कड़ा रुख

राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। आयोग ने स्पष्ट शब्दों में कहा: "राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक न्यूज चैनल द्वारा कथित तौर पर बदनाम करने वाले कंटेंट के पब्लिकेशन से जुड़ी रिपोर्ट पर खुद से संज्ञान लिया है।"

15 दिनों की मोहलत 

मामले की गंभीरता को देखते हुए, आयोग ने संबंधित प्राधिकारियों से 15 दिनों के भीतर एक्शन-टेकन रिपोर्ट (ATR) तलब की है। इसके साथ ही, आयोग ने जेंडर के आधार पर महिलाओं के चरित्र हनन और डिजिटल उत्पीड़न के खिलाफ कड़े सुरक्षा उपायों की मांग की है। आयोग ने मीडिया की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता का इस्तेमाल पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए, जिसमें तथ्यों की सटीकता के साथ-साथ महिलाओं की गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा का पूरा ध्यान रखा जाए।