Bihar Political News : दिल्ली में सम्पन्न हुआ हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन, 10 प्रस्ताव हुए पारित

Bihar Political News : दिल्ली में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया. जिसमें 10 प्रस्ताव पारित किये गए......पढ़िए आगे

राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) का राष्ट्रीय अधिवेशन 4 सितंबर 2025 को दिल्ली के कॉन्सटीट्यूशन क्लब में सम्पन्न हो गया। इस अधिवेशन का पार्टी संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने उद्घाटन किया। अधिवेशन में  पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन, सभी विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में देशभर से आए कार्यकर्ता शामिल हुए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में आयोजित इस अधिवेशन की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई। पूरे दिन चली बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन की मजबूती और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर गहन चर्चा हुई। राष्ट्रीय अधिवेशन की अध्यक्षता डॉ. संतोष कुमार सुमन ने की, जबकि संचालन राजेश पाण्डेय एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने किया।

अधिवेशन में 10 प्रस्ताव पारित किये गए। जिसमें प्रधानमंत्री जी की माता को अपमानित करने पर इंडिया गठबंधन के खिलाफ निन्दा प्रस्ताव पारित किया गया। वहीँ बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी पर विस्तृत चर्चा की गयी। प्रत्येक दलित परिवार को 5 डिसमिल जमीन घर बनाने हेतु सरकार से मांग की गयी। वहीँ अधिवेशन में समान शिक्षा प्रणाली लागू करने पर जोर दिया गया। बिहार चुनाव में अधिक सीटों पर मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया गया। भूमिहीन परिवारों, दलित-पिछड़े-अतिपिछड़े व भूतपूर्व सैनिकों को कृषि जमीन का मालिक बनाने की मांग की गयी। बिहार से बाहर पलायन कर चुके मजदूरों की वापसी और रोजगार की व्यवस्था पर बल दिया गया। वृद्धा पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा की गयी।  गरीब और वंचित लोगों तक अधिकतम लाभ पहुँचाने हेतु कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए पार्टी संरक्षक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में अभी लगभग एक महीना शेष है। ऐसे में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाएं।