नीतीश कुमार का दिल्ली से धमाका: 'अब यहीं रहूंगा, बिहार की कमान नए हाथों में होगी', सीएम पद छोड़ने के दिए साफ संकेत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में बड़ा बयान देते हुए कहा कि वे अब वहीं रहकर काम करेंगे और बिहार में नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपेंगे। जानें बिहार की राजनीति में आने वाले बड़े बदलाव के बारे में।

दिल्ली में नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान।- फोटो : Dhiraj singh

patna - : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने दिल्ली दौरे के दौरान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने अब अपनी प्राथमिकताएं तय कर ली हैं और वे अब राष्ट्रीय राजनीति या दिल्ली में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान ने बिहार की राजनीति में नए उत्तराधिकारी की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

"अब यहीं रहेंगे, वहां का छोड़कर यहां का करेंगे काम" 

नीतीश कुमार ने अपने इरादे साफ करते हुए कहा, "हमने तो तय कर लिया है और आपको बता भी दिए हैं। वहां का (बिहार का) छोड़कर अब यहां का (दिल्ली का) करेंगे और यहीं रहेंगे।" जब उनसे बिहार के मुख्यमंत्री पद और वहां की जिम्मेदारियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे तीन-चार दिन के बाद वापस जाएंगे और सब कुछ व्यवस्थित कर देंगे। उनके इस बयान को बिहार की सत्ता में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

नए लोगों को कमान सौंपने की तैयारी 

बिहार की अगली कमान किसके हाथ में होगी, इस पर मुख्यमंत्री ने खुलकर तो किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन यह जरूर कहा कि "नए लोगों को कर देंगे।" जब पत्रकारों ने उनसे उनकी पसंद के मुख्यमंत्री के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्होंने वहां (बिहार में) बहुत काम किया है। अब उनके मन में यह विचार आया है कि वे दिल्ली में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

"चिंता मत कीजिए, सब ठीक होगा" 

नीतीश कुमार के इन बयानों के बाद जब राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ी, तो उन्होंने शांति बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा, "आप चिंता मत कीजिए।" उन्होंने बार-बार दोहराया कि जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह बिहार और देश के हित में होगा। दिल्ली पहुंचे सीएम के इस बदले हुए अंदाज़ ने विपक्षी खेमों के साथ-साथ सत्ता पक्ष में भी कई तरह के कयासों को जन्म दे दिया है।

राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका की संभावना 

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नीतीश कुमार का 'यहीं (दिल्ली) रहने' का बयान केंद्र में उनकी किसी बड़ी जिम्मेदारी की ओर इशारा कर रहा है। पिछले कुछ समय से नीतीश कुमार विपक्षी एकजुटता या केंद्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण धुरी के रूप में देखे जाते रहे हैं। अब उनका यह कहना कि वे दिल्ली से काम करेंगे, इस बात की पुष्टि करता है कि बिहार की कमान जल्द ही किसी नए और युवा चेहरे के पास जा सकती है, जबकि वे स्वयं राष्ट्रीय फलक पर पार्टी और गठबंधन का नेतृत्व करेंगे।

Report - Dhiraj singh