पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे : चिराग पासवान ने दी बधाई, कहा- ‘नया भारत’ गढ़ रहा है मजबूत नेतृत्व

Politics : 2014 के लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद नरेन्द्र मोदी ने आज ही के दिन 26 मई को देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। उनके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर केन्द्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान ने उन्हें बधाई दी है

Delhi : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। चिराग पासवान ने 26 मई 2014 को ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह को याद करते हुए कहा कि आज से ठीक 12 वर्ष पूर्व राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गूंजी "मैं, नरेंद्र दामोदर दास मोदी..." की आवाज ने देश में सेवा, सुशासन और विकास की एक नई ऐतिहासिक यात्रा का सूत्रपात किया था।


'नए भारत' का निर्माण और गरीब कल्याण रहा प्राथमिकता

अपने संदेश में चिराग पासवान ने पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस लंबे कार्यकाल के दौरान गरीब कल्याण शासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बना रहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण ही 'अंत्योदय' आज आत्मनिर्भरता की एक बड़ी शक्ति में परिवर्तित हो चुका है। जनभागीदारी के जरिए विकास को एक जन-आंदोलन का स्वरूप मिला है, जिससे नारी सशक्तिकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को समान गति से बढ़ावा मिला है।


वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ा मान और मजबूत नेतृत्व

चिराग पासवान ने वैश्विक स्तर और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपनी सीमाओं पर पूरी मजबूती के साथ अडिग खड़ा है और आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कदम उठा रहा है। पीएम मोदी की दूरगामी नीतियों के कारण ही भारत आज वैश्विक मंच पर पूरे आत्मविश्वास से परिपूर्ण एक बेहद मजबूत और सबसे विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में अपनी अमिट पहचान स्थापित कर चुका है।


साल 2014 में एनडीए में शामिल होने के ऐतिहासिक निर्णय को किया याद

लोकसभा चुनाव 2014 का जिक्र करते हुए चिराग पासवान ने बताया कि लगभग एक दशक के लंबे अंतराल के बाद देश में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ पुनः सत्ता में आई थी। उन्होंने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की विशिष्ट कार्यशैली और उनकी दूरदर्शी सोच से गहरे प्रभावित होकर ही उन्होंने और उनकी पार्टी ने एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनने का एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लिया था।


पिता रामविलास पासवान के मार्गदर्शन और राष्ट्रहित के संकल्प को दोहराया

चिराग पासवान ने इस पूरे सफर में अपने श्रद्धेय पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान के राजनीतिक अनुभव और दूरदर्शी सोच को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने निजी हितों से ऊपर उठकर देशहित, विकास और जनकल्याण के लिए सही समय पर एनडीए के साथ आने का फैसला लिया था। उन्होंने अंत में संकल्प दोहराया कि बीते तीनों लोकसभा चुनावों में उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रहित व जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। 


धीरज सिंह की रिपोर्ट