PM Modi : पीएम मोदी ने मेलोनी को दी इटली की सबसे लंबी सरकार चलाने की बधाई, 1413 दिनों की स्थिरता का बनाया नया रिकॉर्ड

PM Modi : इटली में मेलोनी सरकार ने लगातार 1413 दिनों तक सत्ता में रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. पीएम मोदी ने इसके लिए मेलोनी को बधाई दी है.......पढ़िए आगे

मेलोनी को बधाई - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की अपनी समकक्ष और 'मित्र' जॉर्जिया मेलोनी को देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सरकार चलाने का नया रिकॉर्ड बनाने पर हार्दिक बधाई दी है। मेलोनी सरकार ने लगातार 1413 दिनों तक सत्ता में रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जो 1946 में इटली के गणराज्य बनने के बाद से किसी भी एक कैबिनेट का सबसे लंबा कार्यकाल है।

सोशल मीडिया में बधाई

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी की यह उपलब्धि इटली की जनता के उनके दूरदर्शी नेतृत्व पर अटूट भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि मेलोनी की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता ने भारत और इटली के बीच 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। पीएम मोदी ने दोनों देशों के बेहतर भविष्य और आने वाले वर्षों में मेलोनी के सफल कार्यकाल की कामना की।

सिल्वियो बर्लुस्कोनी का 21 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

इस उपलब्धि के साथ ही जॉर्जिया मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो 2001 से 2005 के बीच 1412 दिनों तक सत्ता में रही थी। 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने वाली मेलोनी (प्रमुख, 'ब्रदर्स ऑफ इटली') की इस कामयाबी को बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि इटली में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से अत्यधिक राजनीतिक अस्थिरता रही है। पिछले 80 वर्षों में देश ने 68 सरकारें देखी हैं, जिनका औसत कार्यकाल मात्र 13 महीने रहा है। ऐसे माहौल में तीन दक्षिणपंथी और कंजरवेटिव दलों के गठबंधन को 4 साल तक स्थिरता से चलाना एक बड़ी मिसाल बनकर उभरा है।

नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने पर मेलोनी ने भी दी थी बधाई

दोनों नेताओं के बीच की यह आपसी समझ नई नहीं है। जून 2026 में जब नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा था, तब जॉर्जिया मेलोनी ने भी उन्हें भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम बनने पर बधाई दी थी।

बारी में भव्य जश्न और 2027 के चुनाव की आहट

इस ऐतिहासिक मील के पत्थर का जश्न मनाने के लिए 'ब्रदर्स ऑफ इटली' (FdI) ने दक्षिणी इटली के तटीय शहर बारी में एक भव्य रैली का आयोजन किया है। 10,000 से अधिक लोगों की क्षमता वाले इस स्थल पर समर्थकों को लाने के लिए 80 से अधिक विशेष बसें लगाई गई हैं। जहां एक ओर मेलोनी समर्थक इसे मजबूत और टिकाऊ शासन की जीत बता रहे हैं, वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे 2027 के आम चुनावों से पहले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहे हैं।