पीएम मोदी के घर के पास धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका, कई कांग्रेस सांसदों को पुलिस ने उठाया

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं, ताकि उनसे पिछले दिन युवा छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता को लेकर जवाब मांगा जा सके।

CJP Protest- फोटो : news4nation

Rahul Gandhi : NEET पेपर लीक और परीक्षा संकट को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री से जवाबदेही की मांग की है। वे पीएम आवास के बाहर धरना पर बैठ गये हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, प्रियंका गाँधी सहित कई नेता विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे कांग्रेस के कई सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं, ताकि उनसे पिछले दिन युवा छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता को लेकर जवाब मांगा जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले में जवाबदेही लेने से बच रही है और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा भी नहीं करना चाहती।


राहुल गांधी ने कहा कि NEET पेपर लीक और परीक्षा संकट ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं, तब सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही है।


CJP प्रदर्शन और लाठीचार्ज पर कांग्रेस का विरोध

दरअसल, दिल्ली में CJP के नेतृत्व में छात्र परीक्षा संकट और NEET पेपर लीक समेत युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।


राहुल गांधी ने इसी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार न तो इस मामले में जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर देश के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए दोनों से इस्तीफे की मांग की।


कांग्रेस सांसदों की हिरासत के बाद बढ़ा सियासी टकराव

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस सांसदों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कांग्रेस ने सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने और छात्रों की आवाज को अनसुना करने का आरोप लगाया।


NEET पेपर लीक, परीक्षा संकट, CJP के प्रदर्शन और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा अब सड़क से संसद तक पहुंच चुका है।