असम, केरल और पुडुचेरी में रिकॉर्ड मतदान, दोपहर 1 बजे तक यहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग
असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं, जबकि केरल में 140 और पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ घोषित किए जाएंगे और मतगणना की तारीख 2 मई तय की गई है।
Assembly Election : असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तहत मतदान जारी है और मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। दोपहर 1 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, असम में 59.63%, केरल में 49.70% और पुडुचेरी में 56.83% मतदान दर्ज किया गया है। इससे पहले सुबह 11 बजे तक असम में 38.92%, केरल में 33.28% और पुडुचेरी में 37.06% वोटिंग हुई थी, जिससे साफ है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आई है। कई इलाकों में मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
सीटों की बात करें तो असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं, जबकि केरल में 140 और पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ घोषित किए जाएंगे और मतगणना की तारीख 2 मई तय की गई है।
असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले एनडीए और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। पुडुचेरी में मुकाबला बहुकोणीय है, जहां भारतीय जनता पार्टी गठबंधन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है।
चुनाव आयोग के मुताबिक शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अब सबकी नजरें मतदान प्रतिशत के अंतिम आंकड़ों और 2 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।