इस शख्स ने 11 सौ बार दी अदालतों और एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी, कड़ी मशक्कत के बाद इस शहर से हुई गिरफ्तारी, पटना पुलिस भी करेगी पूछताछ

बिहार-झारखंड की अदालतों और एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी श्रीनिवास लुईस गिरफ्तार। 1100 ई-मेल भेजकर फैलाई थी दहशत। पटना पुलिस लाएगी रिमांड पर।

N4N Desk - सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ाने वाले 'साइबर सिरफिरे' श्रीनिवास लुईस को दिल्ली साइबर पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बिहार-झारखंड की अदालतों, एयरपोर्ट और कई संवेदनशील ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। अकेले बिहार में उसके खिलाफ करीब 50 मामले दर्ज हैं।

1100 से ज्यादा ईमेल और 50 केस: पटना पुलिस लाएगी रिमांड पर

जांच में खुलासा हुआ है कि 47 वर्षीय श्रीनिवास ने देशभर के विभिन्न संस्थानों को 1100 से अधिक धमकी भरे ई-मेल भेजे थे। पटना सिविल कोर्ट समेत कई अदालतों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अक्सर वहां अफरा-तफरी का माहौल बन जाता था। पटना सिटी एसपी के अनुसार, आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर पटना लाने की तैयारी की जा रही है ताकि दर्ज मामलों में उससे गहन पूछताछ की जा सके।

VPN का जाल और साइबर सेल की कार्रवाई

आरोपी शातिर तरीके से अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN (Virtual Private Network) का इस्तेमाल करता था। इससे उसका आईपी एड्रेस हमेशा विदेशी लोकेशन का दिखाई देता था। हालांकि, साइबर सेल की तकनीकी टीम ने DNS लीक और सर्वर डेटा का विश्लेषण कर उसकी असली लोकेशन ट्रैक की और उसे मैसूर से दबोच लिया।

लॉ ड्रॉपआउट और न्यायिक व्यवस्था से नाराजगी

पुलिस के मुताबिक, श्रीनिवास लुईस ने लॉ की पढ़ाई की थी, लेकिन फाइनल ईयर पूरा नहीं कर सका। वह वर्तमान में बेरोजगार था और अपनी मां के साथ रहता था। पूछताछ में सामने आया कि वह न्यायिक व्यवस्था (Judiciary) से बेहद नाराज था और ई-मेल के जरिए पूरे सिस्टम को बाधित कर अपना गुस्सा निकालना चाहता था।

साइबर आतंकवाद की धारा और उम्रकैद का खतरा

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उस पर विशेष रूप से साइबर आतंकवाद (धारा 66F) के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिसमें दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास यानी उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।