Tejashwi Yadav Statement:AK-47 फायरिंग मामले पर तेजस्वी का सरकार पर बड़ा हमला, SP पर कार्रवाई की मांग,19 को राजभवन मार्च

25 जुलाई को सीवान शहर में हुए प्रदर्शन के दौरान एके-47 से छात्रों पर फायरिंग की घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर करारा हमला बोला है। राजद नेता आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री,देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री—सभी इस मामले प

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने 25 जुलाई को सीवान शहर में हुए प्रदर्शन के दौरान एके-47 से छात्रों पर फायरिंग की घटना को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है और पूरा देश यह जानना चाहता है कि आखिर किसके आदेश पर यह गोलीबारी हुई। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री, देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री—सभी इस मामले पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं और जवाब देने से बच रहे हैं।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को बताया महज 'पल्ला झाड़ना'

तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि इस गंभीर मामले में आखिरकार असली गुनहगार कौन है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा केवल एक मामूली सिपाही पर कार्रवाई करके पल्ला झाड़ने की कोशिश की जा रही है, जबकि इतने बड़े मामले में संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक (SP) पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? तेजस्वी ने साफ लहजे में कहा कि वह बिहार को 'पुलिसिया स्टेट' नहीं बनने देंगे।


उपमुख्यमंत्री पर साधा निशाना और सहयोगी नेताओं का जताया आभार

तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर संवेदनशीलता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि वे घटना के बाद पीड़ित छात्र का हाल जानने अस्पताल तक नहीं गए। उन्होंने मांग की कि इस लापरवाही और संवेदनहीनता के लिए सम्राट चौधरी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का धन्यवाद व्यक्त किया।


19 अगस्त को राजभवन मार्च और व्यापक जनआंदोलन की चेतावनी

तेजस्वी ने कहा कि यदि गोलीबारी में किसी छात्र की जान चली जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। सरकार पर दबाव बनाने और न्याय की मांग को लेकर उन्होंने बड़े आंदोलन का ऐलान किया। तेजस्वी यादव ने घोषणा की कि आगामी 19 अगस्त को पार्टी कार्यालय से लेकर राजभवन तक आरजेडी के सभी विधायक (MLA) और कार्यकर्ता एक विशाल विरोध मार्च निकालेंगे।

नई दिल्ली  से धीरज सिंह की रिपोर्ट