Protest in Parliament : सांसद को टॉयलेट के इस्तेमाल की भी अनुमति नहीं, संजय सिंह ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, धरना पर बैठे चंद्रशेखर आज़ाद को दिया समर्थन
New Delhi : संसद परिसर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद का धरना प्रदर्शन जारी है। छात्रों की मांगों और उनके साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में दिन-रात धरने पर बैठे हैं। इसी दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनके इस आंदोलन को अपनी पार्टी का पूर्ण समर्थन दिया।
चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक सांसद कई दिनों से संसद परिसर में धरने पर बैठा है, लेकिन अब तक सरकार का कोई भी मंत्री या प्रतिनिधि उनसे बात करने नहीं आया। उन्होंने इस बात पर गहरा अफसोस जताया कि एक निर्वाचित सांसद को संसद परिसर में बुनियादी सुविधा, जैसे शौचालय का उपयोग करने तक की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सरकार की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश में हर स्तर पर तानाशाही का माहौल बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक और अब संसद परिसर के भीतर भी सिर्फ तानाशाही रवैया देखने को मिल रहा है। प्रतिनिधियों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि सत्ता के अहंकार और गुरूर में डूबी सरकार को देश की जनता ही सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह अहंकार बहुत दिनों तक नहीं चलेगा और जनता इस तरह के तानाशाही रवैये का जवाब सही समय पर देगी। अपने संदेश के अंत में संजय सिंह ने चंद्रशेखर आजाद की सभी मांगों का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने 'जय हिंद', 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'जय भीम' के नारे लगाते हुए कहा कि वे और उनकी पार्टी छात्रों के हक में उठाई जा रही इस आवाज और आंदोलन में चंद्रशेखर आजाद के साथ मजबूती से खड़े हैं।