Chhath Puja 2026: अस्त होते सूर्य को अर्घ्य और ३६ घंटे का निर्जला उपवास, जब वैज्ञानिक भी रह गए हैरान! जानिए छठ पूजा का वह सच जो आपको चौंका देगा!
Chhath Puja 2026: श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब के असाध्य रोग मुक्ति के राज के साथ मगध की पावन धरा पर छठ अनुष्ठान का अद्भुत चमत्कार की गाथा पढ़ कर हैरान हो जाएंगे आप....
Chhath Puja 2026: मानव सभ्यता के आदिम काल से ही संपूर्ण विश्व में प्रत्यक्ष देवता भगवान भास्कर की आराधना की सुदीर्घ परंपरा रही है, किंतु बिहार की पावन वसुंधरा पर अनुष्ठित होने वाला लोक-आस्था का महापर्व छठ विश्व का एकमात्र ऐसा अनुपम अनुष्ठान है, जहाँ उदीयमान सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित किया जाता है। यह पर्व जीवन के उत्कर्ष और अवसान दोनों को समान आदर देने के भारतीय दर्शन का जीवंत प्रतीक है। सनातन पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाए जाने वाले इस महापर्व को सूर्य षष्ठी के नाम से भी अभिहीत किया जाता है। यह चार दिवसीय कठोर संयम, आध्यात्मिक शुचिता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का पावन अनुष्ठान है। वर्ष २०२६ में इस महापर्व का शुभारंभ १३ नवंबर (शुक्रवार) को नहाय-खाय की पवित्र परंपरा से होगा। इस प्रथम दिवस पर व्रती पवित्र नदियों अथवा जलाशयों में स्नान कर संपूर्ण गृह की शुद्धि करते हैं तथा तामसिक तत्वों का त्याग कर शालि (चावल), चणक दाल एवं लौकी से निर्मित अत्यंत सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।
महोत्सव के द्वितीय दिवस अर्थात १४ नवंबर (शनिवार) को खरना का शास्त्रीय विधान संपन्न किया जाता है। इस दिन व्रती दिनभर निराहार उपवास रखकर सायंकाल में पृथ्वी माता एवं सूर्य देव की अर्चना के उपरांत गुड़ से निर्मित खीर)और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी क्षण से लगभग छत्तीस घंटों के अत्यंत कठिन निर्जला उपवास का प्रारंभ होता है, जो व्रतियों की अदम्य आत्मशक्ति और अटूट आस्था का परिचायक है। तृतीय दिवस अर्थात १५ नवंबर (रविवार) को संध्या अर्घ्य का भव्य आयोजन होता है। इस अवसर पर श्रद्धालु नदी तटों अथवा सरोवरों पर एकत्रित होकर वंश-निर्मित सूप में ऋतुफल, ठेकुआ एवं विविध नैवेद्य सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य देव और छठी मैया की विधि-विधान से आराधना करते हैं। चतुर्थ एवं अंतिम दिवस अर्थात १६ नवंबर (सोमवार) को अरुणोदय की प्रथम किरण के साथ उषा अर्घ्य अर्पित किया जाता है। परिवार के सुख, समृद्धि और आरोग्य की मंगलकामना के पश्चात व्रती पारण कर अपने कठिन व्रत का समापन करते हैं।
इस महापर्व की ऐतिहासिक एवं पौराणिक जड़ें बिहार के विभिन्न सांस्कृतिक अंचलों मगध, अंग और मिथिला में अत्यंत गहराई तक व्याप्त हैं। पौराणिक आख्यानों के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने कुष्ठ रोग से मुक्ति प्राप्त करने हेतु तत्कालीन मगध की राजधानी राजगृह के समीप बड़गांव स्थित सूर्य मंदिर में कठोर तपस्या की थी। भगवान भास्कर की कृपा से रोगमुक्त होने के उपरांत उन्होंने देश के द्वादश स्थलों सहित मगध के गया, औरंगाबाद, नालंदा, नवादा और पटना में भव्य सूर्य मंदिरों की स्थापना की। विशेष रूप से औरंगाबाद के देव स्थित पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर में अस्ताचलगामी सूर्य की रश्मियाँ सीधे गर्भगृह को आलोकित करती हैं।
दूसरी ओर, अंग प्रदेश की भूमि दानवीर कर्ण की सूर्य-भक्ति के लिए विख्यात रही है। सहरसा के महिषी प्रखंड स्थित कंदाहा सूर्य मंदिर में स्थापित दुर्लभ कृष्ण-पाषाण की प्रतिमा, जिसके मस्तक पर मेष राशि अंकित है, का उल्लेख महाभारत एवं सूर्य पुराण में मिलता है। अंग प्रदेश से ही जुड़ी एक अन्य मान्यतानुसार, रावण वध के उपरांत ब्रह्महत्या के दोष निवारण हेतु मुद्गल ऋषि के परामर्श पर माता सीता ने मुंगेर स्थित गंगा के कष्टहरणी घाट पर पाषाण खंड पर खड़े होकर षष्ठी व्रत एवं सूर्य उपासना की थी, जिसके पावन पदचिह्न आज भी सीताचरण के रूप में विद्यमान हैं। इसी प्रकार, राजा जनक की विदेह नगरी मिथिला में याज्ञवल्क्य, गार्गी और मैत्रेयी की वैदिक परंपरा से यह पर्व जुड़ा है। मध्यकालीन मनीषियों लक्ष्मीधर के कृत्यकल्पतरु, चण्डेश्वर के ग्रंथों तथा रुद्रधर की प्रतिहारषष्ठी पूजा विधि में भी कार्तिक शुक्ल षष्ठी के इस शास्त्रीय विधान का स्पष्ट प्रमाण मिलता है, जो छठ महापर्व की सनातनता और सांस्कृतिक अखंडता को सिद्ध करता है।