Chhath Puja 2026: बांस के सूप से नारियल तक, छठ की 7 सामग्रियों का नवग्रहों से क्या है संबंध? जानें मान्यताएं

Chhath Puja 2026: छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, ठेकुआ, हल्दी, गन्ना, नारियल और दीये का नवग्रहों से क्या संबंध है? जानें इन सात सामग्रियों से जुड़ी ज्योतिषीय मान्यताएं।

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में बांस का सूप, ठेकुआ, कच्ची हल्दी, गन्ना, नारियल, केले और मिट्टी के दीये जैसी सामग्रियों का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य पिनाकी मिश्री जी के अनुसार, इन सामग्रियों को ज्योतिषीय मान्यताओं के आधार पर नवग्रहों से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि हर सामग्री किसी न किसी ग्रह के गुणों का प्रतीक है। आइए जानते हैं छठ पूजा की सात प्रमुख सामग्रियों का नवग्रहों से क्या संबंध बताया जाता है।


1. बांस का सूप: शनिदेव का प्रतीक


छठ पूजा में बांस से बने सूप का विशेष महत्व होता है। इसी सूप में पूजा की सामग्री और प्रसाद रखकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है। बांस को लचीलेपन, मजबूती और लगातार आगे बढ़ने का प्रतीक माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इसके इन गुणों को शनिदेव से जोड़ा जाता है। शनि को कर्म, धैर्य और अनुशासन का कारक माना गया है।


2. ठेकुआ: सूर्यदेव से संबंध


ठेकुआ छठ महापर्व का सबसे खास प्रसाद है। इसे गेहूं के आटे, गुड़ और शुद्ध घी से तैयार किया जाता है। ज्योतिष शास्त्र में गेहूं और गुड़ को सूर्यदेव से संबंधित माना जाता है। सूर्य को आत्मबल, तेज, स्वास्थ्य और मान-सम्मान का कारक माना गया है। इसी वजह से ठेकुआ पूरी श्रद्धा और शुद्धता के साथ सूर्यदेव को अर्पित किया जाता है।


3. कच्ची हल्दी: देवगुरु बृहस्पति का प्रतीक


छठ पूजा की सामग्री में कच्ची हल्दी का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसका पीला रंग शुभता, पवित्रता और मांगलिक कार्यों का प्रतीक माना जाता है। वैदिक ज्योतिष में पीले रंग का संबंध देवगुरु बृहस्पति से जोड़ा जाता है। बृहस्पति को ज्ञान, धर्म, विवाह, संतान सुख और समृद्धि का कारक माना गया है। इस मान्यता के अनुसार, कच्ची हल्दी शुभता और सकारात्मकता का प्रतीक है।


4. गन्ना: शुक्र ग्रह से संबंध


छठ पूजा के दौरान घाट पर गन्ने का विशेष महत्व होता है। कई जगहों पर गन्ने से मंडप बनाकर पूजा स्थल को सजाया जाता है। इसे सूर्यदेव को अर्पित भी किया जाता है। गन्ना मिठास और प्रकृति की उदारता का प्रतीक है। ज्योतिषीय मान्यताओं में इसे भौतिक सुख, सुंदरता और ऐश्वर्य के कारक शुक्र ग्रह से जोड़ा जाता है।


5. नारियल: चंद्रमा का प्रतीक


छठ पूजा में पानी वाले नारियल का भी इस्तेमाल किया जाता है। भारतीय धार्मिक परंपरा में नारियल को शुभ फल माना गया है। इसके पानी को शीतलता और सफेद गूदे को पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। ज्योतिष में चंद्रमा मन, भावनाओं और मानसिक शांति का कारक है। इसी आधार पर नारियल की शीतलता और पवित्रता को चंद्रमा के गुणों से प्रतीकात्मक रूप से जोड़ा जाता है।


6. केला और मौसमी फल: बृहस्पति से संबंध


छठ पूजा में केले के साथ कई तरह के मौसमी फल भी चढ़ाए जाते हैं। फल प्रकृति की देन, पोषण और अच्छे कर्मों के मीठे परिणाम का प्रतीक माने जाते हैं। केले और पीले रंग के दूसरे फलों को देवगुरु बृहस्पति से जोड़ा जाता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, बृहस्पति सौभाग्य, ज्ञान और वंश वृद्धि के कारक हैं। पूजा में मौसमी फल चढ़ाना परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना से जुड़ा है।


7. मिट्टी का दीया और सूर्य को अर्घ्य: ऊर्जा का प्रतीक

छठ पूजा में मिट्टी के दीये जलाने और सूर्यदेव को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। ज्योतिष में सूर्य को नवग्रहों का राजा और आत्मा, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व का कारक माना जाता है। वहीं, अग्नि को मंगल के उत्साह और ऊर्जा से जोड़ा जाता है। दीये का प्रकाश अंधकार से उजाले की ओर बढ़ने का संदेश देता है। छठ में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति, ऊर्जा और समय के संतुलन को स्वीकार करने का प्रतीक मानी जाती है।