chhath puja: छठ में महिलाएं नाक से माथे तक क्यों लगाती हैं नारंगी सिंदूर? जानें सिंदूर जोड़ी और ढासा की मान्यता

chhath puja: छठ पूजा में महिलाएं नाक से माथे तक नारंगी सिंदूर क्यों लगाती हैं? जानिए सिंदूर जोड़ी और ढासा की मान्यता, इसका धार्मिक महत्व और इससे जुड़ी परंपराएं।

chhath puja: छठ महापर्व के दौरान आपने अक्सर महिलाओं को नाक से लेकर माथे तक लंबा सिंदूर लगाते देखा होगा। बिहार में इसे सिंदूर जोड़ी और ढासा के नाम से जाना जाता है। छठ पूजा के अलावा शादी और दूसरे मांगलिक कार्यक्रमों में भी महिलाएं इसी तरह सिंदूर लगाती हैं। इसके पीछे कई धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। खास बात यह है कि छठ के दौरान महिलाएं आमतौर पर नारंगी रंग का सिंदूर लगाती हैं। आइए जानते हैं इसके पीछे की मान्यता और इसका महत्व।

नाक से लेकर माथे तक क्यों लगाया जाता है सिंदूर?

बिहार में छठ व्रत करने वाली महिलाएं नाक से लेकर माथे तक लंबा सिंदूर लगाती हैं। इसे पति की लंबी उम्र, सुख और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सिंदूर जितना लंबा होता है, पति के जीवन में उतनी ही खुशियां और तरक्की आती है। यही वजह है कि बिहार में महिलाएं छठ पूजा के साथ-साथ शादी और दूसरे शुभ अवसरों पर भी नाक से लेकर माथे तक सिंदूर लगाती हैं। इसे पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है।

छठ पूजा में नारंगी सिंदूर लगाने का क्या है महत्व?

छठ महापर्व के दौरान महिलाएं खासतौर पर नारंगी रंग का सिंदूर लगाती हैं। धार्मिक मान्यताओं में इस रंग को पति-पत्नी के प्रेम और रिश्ते की मजबूती का प्रतीक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि नारंगी सिंदूर लगाने से पति के जीवन में आने वाली परेशानियां दूर रहती हैं और उन्हें तरक्की मिलती है। छठ पूजा में सूर्यदेव की विशेष पूजा की जाती है। नारंगी रंग को सूर्य की रोशनी और ऊर्जा से भी जोड़कर देखा जाता है। इसी कारण इस पर्व में नारंगी सिंदूर लगाने का खास महत्व माना जाता है।

सिंदूर छिपाने को लेकर क्या है मान्यता?

सिंदूर लगाने से जुड़ी एक और मान्यता प्रचलित है। कहा जाता है कि महिलाओं को अपना सिंदूर छिपाना नहीं चाहिए। मान्यता के अनुसार, सिंदूर को खुले तौर पर लगाने से पति को मान-सम्मान और तरक्की मिलती है। हालांकि, ये सभी बातें धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित हैं।