छठ से पहले बिहार सरकार का बड़ा आदेश, घाटों पर किया यह काम तो होगी कार्रवाई, जान लीजिये 9 निर्देश
छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जिलों में कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।
Chhath Puja 2026 : बिहार में छठ महापर्व को लेकर सरकार ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व के दौरान घाटों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को नौ सूत्री निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत छठ घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है।
सरकार ने सभी जिलों को खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर, मेडिकल टीम और एंबुलेंस
आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी और तालाबों के घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और मोटरबोट चालकों की तैनाती का निर्देश दिया है। बचाव दल के पास लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धता के अनुसार देसी नावें भी रहेंगी, ताकि डूबने जैसी घटनाओं में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रमुख घाटों पर चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की टीम तैनात रहेगी। जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम (QMRT) की व्यवस्था भी की जाएगी। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
24 घंटे काम करेंगे जिला कंट्रोल रूम
छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जिलों में कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घाटों और आसपास के इलाकों में बिजली के तारों तथा उपकरणों की पहले से जांच कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही जिलाधिकारियों को छठ पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और संभावित दुर्घटनाओं से निपटने के लिए अलग से कार्ययोजना तथा कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने को कहा गया है। भगदड़ और दूसरी आपात स्थितियों से निपटने के लिए भी प्रशासन को पहले से तैयार रहने के निर्देश हैं।
कब से कब तक है छठ
इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। चार दिनों के प्रमुख अनुष्ठान इस प्रकार हैं:
13 नवंबर, शुक्रवार – नहाय-खाय: छठ व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ व्रत की शुरुआत करेंगे।
14 नवंबर, शनिवार – खरना: व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
15 नवंबर, रविवार – संध्या अर्घ्य: व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर अर्घ्य देंगे।
16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य: सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।