Bihar School News: बिहार में भीषण गर्मी का सितम, स्कूल, कोचिंग और आंगनबाड़ी के समय बदले, जानें नया शेड्यूल
Bihar School News: आसमान से बरसती आग और तपती दोपहर ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि लोग घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं। इसी गंभीर परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र एक अहम और सख्त कदम उठाया है।
Bihar School News: बिहार में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। आसमान से बरसती आग और तपती दोपहर ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि लोग घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं। इसी गंभीर परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र एक अहम और सख्त कदम उठाया है।
भभुआ जिला दंडाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। यह आदेश 19 मई से 31 मई तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में साफ कहा गया है कि इन दिनों दोपहर के समय भीषण लू और अत्यधिक गर्मी की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
नए आदेश के अनुसार, सभी प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर रोक रहेगी। वहीं सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा कोचिंग संस्थानों में 11:30 बजे के बाद कक्षाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर पर समय-सारिणी में आवश्यक बदलाव कर कक्षाओं का संचालन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग और आईसीडीएस अधिकारियों को सख्ती से आदेश का पालन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीषण गर्मी के बीच अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे राहतभरा कदम बताया है। लोगों का कहना है कि इस फैसले से बच्चों को लू और गर्मी के गंभीर असर से बचाया जा सकेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक इसी तरह की भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग दिन के 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और अधिकतर समय घर के अंदर ही रहें। साथ ही यह भी कहा गया है कि लू से बचाव के लिए तले-भुने और मसालेदार भोजन से परहेज करें, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहें तथा अधिक से अधिक पानी और शीतल पेय का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना भी इस मौसम में बेहद जरूरी बताया गया है।