Bihar Teacher Transfer: बिहार में शिक्षक स्थानांतरण नीति में बदलाव, महिला शिक्षिकाओं को मिलेगा गृह जिले के पास पोस्टिंग, पुरुष शिक्षक तबादले पर सरकार का ये है नया फॉर्मूला

Bihar Teacher Transfer: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण नीति को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए हैं।

बिहार में शिक्षक स्थानांतरण नीति में बदलाव- फोटो : social Media

Bihar Teacher Transfer: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षकों के  स्थानांतरण नीति को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए हैं।

बैठक में सबसे प्रमुख निर्णय यह रहा कि महिला शिक्षकों का स्थानांतरण अब यथासंभव उनके गृह जिले, गृह प्रखंड या गृह पंचायत के आसपास ही किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस फैसले से महिला शिक्षकों को कार्यस्थल तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी और उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।

इसी तरह पुरुष शिक्षकों के लिए भी नई नीति पर काम करने का निर्देश दिया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, पुरुष शिक्षकों को उनके गृह जिले के निकटवर्ती प्रखंडों में पोस्टिंग देने पर विचार किया जाएगा, ताकि उन्हें भी लंबी दूरी की परेशानियों से राहत मिल सके।

शिक्षा विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पूरी ट्रांसफर प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण पर आधारित हो। सरकार का कहना है कि इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शिक्षकों का मनोबल भी बढ़ेगा।

इस फैसले को राज्य की शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण सुधार के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से शिक्षक संगठनों की मांग रही है कि स्थानांतरण नीति को अधिक व्यावहारिक और परिवार-हितैषी बनाया जाए।

शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया है कि जल्द ही इस नई नीति का विस्तृत ढांचा तैयार किया जाए और इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। सरकार का मानना है कि इस कदम से शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।