Bihar School News: सरकारी स्कूल में फीस का खेल, मार्कशीट और अपार ID के नाम पर अवैध वसूली का प्रधानाध्यापक पर आरोप, VIDEO वायरल होते हीं मचा हड़कंप

Bihar School News: विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कथित तौर पर छात्रों से नकद राशि लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।....

सरकारी स्कूल में फीस का खेल- फोटो : reporter

Bihar School News: जमुई प्रखंड स्थित जगन्नाथ मिश्रा +2 उच्च विद्यालय, डुंडो में छात्रों से कथित अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को सामने आए इस वीडियो में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सुमन कथित तौर पर छात्रों से नकद राशि लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही जिले में सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर चर्चाओं का दौर गरम हो गया है।

विद्यालय के एक शिक्षक ने वीडियो उपलब्ध कराते हुए आरोप लगाया कि छात्रों से परीक्षा शुल्क के नाम पर 50 रुपये, मार्कशीट देने के नाम पर 200 रुपये तथा अपार आईडी में नाम दर्ज कराने के लिए 100 रुपये की वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि सरकारी नियमों के अनुसार इन कार्यों के लिए छात्रों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, लेकिन विद्यालय में मनमाने तरीके से राशि वसूली जा रही है। 

इस मामले में जब प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सुमन से संपर्क किया गया तो उन्होंने पहले छात्रों से पैसे लेने के आरोप से इनकार किया। हालांकि बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि विद्यालय वित्त रहित है और शिक्षकों को सरकार से नियमित वेतन नहीं मिलता है। इसी कारण बच्चों से 25 से 30 रुपये तक सहयोग राशि ली जाती है। हालांकि उन्होंने परीक्षा शुल्क, मार्कशीट और अपार आईडी के नाम पर वसूली के आरोपों पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

बहरहाल शिक्षा विभाग से जुड़ा यह विवाद सामने आने से विभाग की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है। साथ ही नए DEO के पदभार ग्रहण करते ही यह मामला सामने आया है इसलिए अब जनता नए साहब की ओर टकटकी लगाए बैठे है की हुज़ूर कोई कारवाई करते है या फिर इस मामले को भी ठन्डे बस्ते मे डाल देते है।

 सुमित सिंह की रिपोर्ट