Bihar Education Department: बिहार में शिक्षकों के लिए खुशियों की सौगात, अगस्त में TRE 4 भर्ती, 29 जुलाई से शुरू होंगे शिक्षकों के ट्रांसफर आवेदन, लाइब्रेरियन भर्ती पर भी जल्द फैसला

Bihar Education Department: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों और कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ...

शिक्षकों के लिए खुशियों की सौगात! - फोटो : social Media

Bihar Education Department:  बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों और कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक भर्ती (TRE-4) और शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई तक TRE-4 की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग को भेजने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अगस्त में भर्ती का विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है। इस चरण में 20 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है।

TRE-4 की प्रक्रिया अंतिम चरण में, अगस्त में आएगा विज्ञापन

शिक्षा मंत्री ने बताया कि TRE-4 को लेकर विभाग तेजी से काम कर रहा है। फिलहाल केवल दो जिलों में रोस्टर संबंधी प्रक्रिया शेष है। इसे पूरा करने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से अधियाचना बीपीएससी को भेज दी जाएगी।उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य 27 जुलाई तक अधियाचना भेजने का है, ताकि बीपीएससी अगस्त में भर्ती का विज्ञापन जारी कर सके। भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग रविवार को भी कार्यालय खोलकर काम करेगा।

20 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

TRE-4 के तहत 20 हजार से अधिक पदों पर शिक्षक नियुक्त किए जाने की तैयारी है। इससे लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि बिहार सरकार पहले ही अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति का लक्ष्य तय कर चुकी है। इसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली की योजना बनाई गई है।

29 जुलाई से शुरू होंगे शिक्षकों के ट्रांसफर आवेदन

शिक्षा मंत्री ने बताया कि कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी अब शुरू होने जा रही है। 29 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे और आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त होगी।इसके बाद विभाग तय समय-सारिणी के अनुसार चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरण करेगा। पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

तीन चरणों में होगा तबादला

शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाई है।पहले चरण में समायोजन  और युक्तिकरण होगा।दूसरे चरण में पारस्परिक  स्थानांतरण किए जाएंगे।तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण  की प्रक्रिया पूरी होगी।इसके लिए विभाग विस्तृत शेड्यूल भी जारी कर चुका है।

महिला और पुरुष शिक्षकों के लिए अलग व्यवस्था

शिक्षा मंत्री ने बताया कि नई नीति के तहत महिला शिक्षकों को उनकी पंचायत या उसके आसपास पदस्थापित करने की कोशिश की जाएगी, जबकि पुरुष शिक्षकों को निकटतम प्रखंड (ब्लॉक) में पोस्टिंग देने की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को यथासंभव सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।

TRE-3 शिक्षकों के लिए अलग शेड्यूल

मंत्री ने स्पष्ट किया कि TRE-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए अलग से कार्यक्रम जारी किया जाएगा। शिक्षा विभाग जल्द बैठक कर इसकी तिथि और प्रक्रिया तय करेगा। यानी TRE-3 शिक्षकों को सामान्य ट्रांसफर प्रक्रिया से अलग इंतजार करना होगा।

लाइब्रेरियन भर्ती पर भी जल्द फैसला

शिक्षा मंत्री ने संकेत दिया कि लाइब्रेरियन की नियुक्ति और स्थानांतरण को लेकर भी विभाग अगले एक सप्ताह में निर्णय ले सकता है। हालांकि मॉडल स्कूलों के शिक्षकों के स्थानांतरण पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया जा रहा है।

भर्ती और ट्रांसफर दोनों पर सरकार का फोकस

शिक्षा विभाग फिलहाल दो बड़े मोर्चों नई शिक्षक भर्ती और शिक्षकों के स्थानांतरण—पर एक साथ काम कर रहा है। विभाग का लक्ष्य समयबद्ध तरीके से अधियाचना भेजना, अगस्त में TRE-4 का विज्ञापन जारी कराना और अक्टूबर तक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करना है।TRE-4 की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह अपडेट नई उम्मीद लेकर आया है, जबकि कार्यरत शिक्षकों को भी लंबे समय से लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।