BPSC TRE 4.0 में बड़ा बदलाव, बढ़ीं सीटें... इन विषयों में नई वैकेंसी, आवेदन की आखिरी तारीख भी बदली
बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ी खुशखबरी दी है. BPSC ने TRE 4.0 को लेकर एक साथ कई विषयों में सीटों को बढाने का फैसला लिया है. साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि में भी बदलाव किया गया है
Bihar TRE 4 : बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4.0 के तहत विद्यालय अध्यापक के रिक्त पदों की संख्या बढ़ा दी है। पहले 32,388 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन अब इसमें 932 अतिरिक्त पद शामिल किए गए हैं। इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 33,320 हो गई है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी शुद्धि-पत्र के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त संशोधित पूरक अधियाचना के आधार पर नए पदों को भर्ती में शामिल किया गया है। इनमें माध्यमिक विद्यालयों के लिए 493 पद और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 439 पद हैं।
किन विषयों के पद जोड़े गए?
कक्षा 9 से 10 के लिए बांग्ला, ललितकला, नृत्य, मैथिली, अरबी, फारसी और संगीत सहित विशेष विद्यालय अध्यापक के पद शामिल किए गए हैं। वहीं, कक्षा 11 से 12 के लिए बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी विषयों में रिक्तियां जोड़ी गई हैं। आयोग ने कहा है कि संशोधित रिक्तियों और भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
CTET और STET अभ्यर्थियों के लिए क्या है नियम?
शुद्धि-पत्र में पात्रता से जुड़े प्रावधान भी स्पष्ट किए गए हैं। CTET अभ्यर्थियों के लिए BTET-2017 में लागू प्रावधान के अनुसार न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 60 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए 55 प्रतिशत, जबकि SC, ST और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
STET पेपर-1 और पेपर-2 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम उत्तीर्ण अंक मान्य होंगे। वहीं, बिहार के बाहर के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग के न्यूनतम अंक लागू होंगे।
26 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
TRE-4.0 के लिए अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 25 सितंबर से 25 अक्टूबर तक चलेगी। चयन प्रक्रिया सिंगल रिटन एग्जाम के जरिए होगी।
1/3 नेगेटिव मार्किंग, OMR में पांचवां विकल्प
इस बार परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी लागू रहेगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर निर्धारित अंक का 1/3 हिस्सा काटा जाएगा। खास बात यह है कि OMR शीट पर अब चार के बजाय पांच विकल्प दिए जाएंगे। यदि किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना है तो अभ्यर्थी को पांचवें विकल्प का चयन करना होगा। यदि प्रश्न छोड़ने के बावजूद पांचवें गोले को भी नहीं भरा गया, तो उस प्रश्न के लिए 1/3 अंक काटे जाने का प्रावधान है। ऐसे में अभ्यर्थियों को OMR भरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।