10वीं कंपार्टमेंट और विशेष परीक्षा 2026:असफल छात्रों के लिए नया मौका, बीएसईबी की 10वीं स्पेशल परीक्षा की डेडलाइन बढ़ाई,जल्द करें आवेदन
Bihar 10th Compartment Exam 2026: बीएसईबी ने कक्षा 10वीं कंपार्टमेंट और विशेष परीक्षा की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।...
Bihar 10th Compartment Exam 2026: बिहार के शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के लिए राहत का संकेत मिला है। बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड (Bihar School Examination Board) ने कक्षा 10वीं की विशेष और कंपार्टमेंट परीक्षाओं 2026 के लिए आवेदन की आखिरी तिथि को फिर से बढ़ा दिया है। अब इच्छुक और पात्र छात्र 10 अप्रैल 2026 तक बीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले बोर्ड ने आवेदन की अंतिम तारीख 7 अप्रैल तय की थी।
यह कदम उन हजारों छात्रों के लिए राहत भरा है, जो किसी कारण से मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे या एक-दो विषयों में फेल हो गए थे। बोर्ड ने आवेदन शुल्क भी स्पष्ट किया है: सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए 950 रुपये (अतिरिक्त शुल्क सहित 1,010 रुपये तक) और आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए 835 रुपये (अतिरिक्त शुल्क सहित 895 रुपये तक) निर्धारित हैं। वहीं, गृह विज्ञान, संगीत, नृत्य और ललित कला जैसे प्रैक्टिकल विषयों के लिए अतिरिक्त 30 रुपये और अंकों में सुधार या एकल विषय (जैसे अंग्रेजी) के लिए 200 रुपये का शुल्क देना होगा।
बीएसईबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल छात्रों के शैक्षणिक संस्थान के प्रधानाध्यापक या प्रिंसिपल द्वारा ही ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। व्यक्तिगत आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। इस फैसले से यह सुनिश्चित होगा कि आवेदन प्रक्रिया सुव्यवस्थित और त्रुटिहीन हो। विशेष और कंपार्टमेंट परीक्षा उन छात्रों को एक और मौका देती हैं, जो मुख्य परीक्षा में असफल रहे हैं या अपने अंकों में सुधार चाहते हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय पर भीड़ या तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। साफ है, बिहार में कक्षा 10वीं के छात्र अब अपनी पढ़ाई और भविष्य के लिए एक और अवसर पाकर तैयारी में जुट सकते हैं।