नकाब पहनाकर हिन्दू छात्राओं से डांस कराने पर बवाल, शिक्षा विभाग ने स्कूल को किया सील, मचा हड़कंप
Education News: हिंदू छात्राओं को नकाब पहनाकर डांस कराया गया, जिसके बाद विद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे। ....
Education News: एक निजी विद्यालय के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में कथित तौर पर हिंदू छात्राओं को नकाब पहनाकर डांस कराया गया, जिसके बाद विद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे। मामला सोशल मीडिया से निकलकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद विद्यालय की जांच कराई गई। जांच में विद्यालय के बिना मान्यता संचालित होने की पुष्टि होने पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर को सील कर दिया।
मामला गोंडा जिले के बभनजोत क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग स्थित एक निजी विद्यालय से जुड़ा है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। वीडियो को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे, जिसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद ने विद्यालय का निरीक्षण किया। बीईओ के निरीक्षण के दौरान विद्यालय के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि विद्यालय के पास संचालन के लिए आवश्यक मान्यता नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, विभाग की ओर से विद्यालय प्रबंधन को करीब एक सप्ताह पहले ही स्कूल बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी रखा जा रहा था।
मान्यता के बिना स्कूल संचालित किए जाने की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया। अधिकारियों ने विद्यालय के प्रबंधक कार्यालय, प्रधानाचार्य कार्यालय और मुख्य द्वार पर ताला लगाकर पूरे परिसर को सील कर दिया। बीईओ ने निरीक्षण और सीलिंग की कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी है।बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि बिना मान्यता संचालित विद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनका नामांकन नजदीकी परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
गोंडा जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे स्कूलों और मदरसों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने अब अभियान तेज करने का फैसला किया है। विभाग के मुताबिक जिले में सौ से अधिक बिना मान्यता वाले स्कूल और दर्जनभर से ज्यादा मदरसे चिह्नित किए गए हैं। इन संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई में देरी पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है।मंगलवार सुबह बीएसए ने वर्चुअल बैठक के जरिए सभी बीईओ से अब तक की कार्रवाई की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी 16 विकासखंडों में तत्काल अभियान चलाकर बिना मान्यता संचालित स्कूलों और अन्य संस्थानों की जांच की जाए।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि बिना मान्यता के किसी भी विद्यालय का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुलाई में ही सभी बीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर ऐसे संस्थानों को चिह्नित करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर उठे सवालों के बीच विद्यालय के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुख्य आधार जांच में सामने आया बिना मान्यता संचालन है। शिक्षा विभाग ने पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है और जिले में ऐसे अन्य संस्थानों के खिलाफ भी शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है।