Bihar Education News: शिक्षा के मंदिर में घूसखोरी का गंदा खेल, न्यूज़4नेशन की खबर से मचा शिक्षा विभाग में हड़कंप, डीईओ ने हेडमास्टर को किया निलंबित

Bihar Education News: छात्र नामांकन के नाम पर 500 रुपये की डिमांड और कथित घूसखोरी की खबर न्यूज4नेशन पर चलने के बाद प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।...

शिक्षा के मंदिर में घूसखोरी का गंदा खेल- फोटो : reporter

Bihar Education News:  शिक्षा के मंदिर में रिश्वतखोरी का काला खेल उजागर होने के बाद मोतिहारी शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। छात्र नामांकन के नाम पर 500 रुपये की डिमांड और कथित घूसखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय भरौलिया, मोतिहारी देहात की प्रधानाध्यापिका उषा रानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब न्यूज़4नेशन ने शिक्षा के मंदिर में रिश्वत का पाठशाला शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। खबर सामने आते ही शिक्षा विभाग में खलबली मच गई और डीईओ राजन गिरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए।

जांच के दौरान वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायतों की पड़ताल की गई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर डीईओ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एचएम उषा रानी को सस्पेंड कर दिया। विभागीय आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बंजरिया बीआरसी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

डीईओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नामांकन के बदले रिश्वत मांगने की बात सामने आई थी। जांच रिपोर्ट में मामला सत्य पाए जाने के बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। विभागीय गलियारों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में इस तरह की उगाही बेहद शर्मनाक है। वहीं न्यूज़4नेशन की खबर के बाद हुई त्वरित कार्रवाई को लोग बड़ी प्रशासनिक सफलता मान रहे हैं।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार