Bihar Education News:शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, इसी सत्र से 360 नए कॉलेजों में शुरू होगी पढ़ाई, नये महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू करने का आदेश

Bihar Education News: राज्य सरकार ने अपने वादे को अमली जामा पहनाते हुए 360 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने का ऐलान कर दिया है।

शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला- फोटो : X

Bihar Education News:सियासत और शिक्षा के मैदान से एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अपने वादे को अमली जामा पहनाते हुए 360 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने का ऐलान कर दिया है। अब गांव और प्रखंड स्तर पर ही ग्रेजुएशन की पढ़ाई मुमकिन होगी, जिससे हजारों छात्रों को दूर-दराज शहरों की दौड़-धूप से निजात मिलेगी।

शिक्षा विभाग ने इस फैसले को लेकर तेज़ी से तैयारी शुरू कर दी है और आदेश जारी कर दिया गया है कि इसी शैक्षणिक सत्र से नए महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू कर दी जाए। बताया जा रहा है कि जिन प्रखंडों में अब तक कोई डिग्री कॉलेज मौजूद नहीं था, वहां प्राथमिकता के आधार पर इन संस्थानों की स्थापना की जाएगी।

सरकार का यह कदम शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा सियासी फैसला माना जा रहा है। अब तक बिहार के 360 प्रखंड ऐसे थे जहां उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं थी, जिससे छात्रों खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के नौजवानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के चलते छात्र अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते थे।

मगर अब तस्वीर बदलने जा रही है। नए डिग्री कॉलेज खुलने से न सिर्फ शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे। जानकारों का मानना है कि यह फैसला शिक्षा के विकेंद्रीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था को लेकर भी काम तेज़ कर दिया गया है ताकि सत्र की शुरुआत में ही पढ़ाई बिना किसी रुकावट के शुरू हो सके।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह बड़ा ऐलान जमीनी हकीकत में कितनी तेजी से उतरता है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक हुआ, तो आने वाले दिनों में बिहार के हर प्रखंड से ‘ग्रेजुएट’ निकलते नजर आएंगे और यही होगा असली तालीमी इंकलाब।