खान सर के कोचिंग पर हमला मामले में ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद समेट 3 गिरफ्तार, पटना पुलिस का बड़ा खुलासा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 15 से 20 लोगों का समूह अचानक कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंचा और पथराव शुरू कर दिया। इस मामले में अब तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
Khan Sir : पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद समेत अभिषेक और गौरव शामिल हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई खान सर की ओर से दर्ज कराए गए आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की है।
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि खान ग्लोबल कोचिंग की ओर से दिए गए आवेदन में चार लोगों को नामजद किया गया था, जबकि कई अन्य को अज्ञात आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को कोचिंग संस्थान में पथराव और तोड़फोड़ करते देखा गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एफआईआर में फायरिंग का जिक्र नहीं किया गया है।
मंगलवार रात हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 15 से 20 लोगों का समूह अचानक कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंचा और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
मामले को लेकर खान सर ने आरोप लगाया कि उनके संस्थान को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने की वजह से कुछ लोग नाराज हैं और इसी कारण इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। खान सर ने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने संस्थान को धमकी दी थी।
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व और प्रतिस्पर्धा से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। गौरतलब है कि मुसल्लहपुर हाट पटना का बड़ा एजुकेशनल हब माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थान संचालित होते हैं। इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अनिल की रिपोर्ट