पटना यूनिवर्सिटी में छात्रों का हंगामा, ऑफिस में काम बंद कराया, क्लासरूम से भी छात्रों को निकाला
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं कर रहा है। छात्रों ने पटना कॉलेज समेत विश्वविद्यालय के अन्य हिस्सों में भी पहुंचकर अपने आंदोलन के समर्थन में छात्रों से अपील की
Patna University : पटना यूनिवर्सिटी में गुरुवार को AISF के छात्रों ने विश्वविद्यालय बंद कराने का ऐलान करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी छात्र पहले विश्वविद्यालय के कार्यालय पहुंचे और कामकाज बंद कराया। इस दौरान दफ्तर की लाइटें बंद कर दी गईं और अकादमिक काउंसिल में ताला लगा दिया गया। इसके बाद छात्र क्लासरूम में पहुंचे और पढ़ाई बंद कराकर विद्यार्थियों को बाहर निकलने के लिए कहा।
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं कर रहा है। छात्रों ने पटना कॉलेज समेत विश्वविद्यालय के अन्य हिस्सों में भी पहुंचकर अपने आंदोलन के समर्थन में छात्रों से अपील की। कई छात्रों ने आंदोलन को समर्थन देने की बात कही है।
चार दिन से भूख हड़ताल पर छात्र
AISF के छात्र पिछले चार दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। भूख हड़ताल पर बैठे कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य जांच कर रही है।
बुधवार को कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह ने भूख हड़ताल कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया था। AISF के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और कुलपति के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन किसी मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय बंद कराने का फैसला लिया। इससे पहले आंदोलनकारी छात्रों ने कुलपति का घेराव भी किया था।
LLB पेपर लीक से फीस वृद्धि तक कई मांगें
AISF का आरोप है कि LLB प्रवेश परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले की जांच कराकर परीक्षा रद्द की जाए और दोबारा परीक्षा आयोजित की जाए। संगठन ने PG में बढ़ाई गई फीस तत्काल वापस लेने, पटना यूनिवर्सिटी के कला एवं शिल्प महाविद्यालय में MFA की पढ़ाई शुरू करने और PG नामांकन में पुराना कोटा बहाल करने की मांग की है।
इसके अलावा सेंट्रल लाइब्रेरी को 24 घंटे खोलने, विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने समेत अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मांगें भी शामिल हैं।
AISF के पटना जिला सचिव मीर सैफ अली ने कहा कि संगठन की 10 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन ने कुलपति को तत्काल हटाने की मांग भी की है।