पटना यूनिवर्सिटी सीनेट बैठक के दौरान छात्रों का हंगामा, गेट पर चढ़कर किया प्रदर्शन, भारी बवाल

Patna University Students protest- फोटो : news4nation

Patna University :  पटना यूनिवर्सिटी में सीनेट की वार्षिक बैठक के दौरान शनिवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी गेट पर चढ़ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शन के दौरान छात्र “पुलिसिया दमन बंद करो” और “PU हमारे-आपका, नहीं किसी के बाप का” जैसे नारे लगा रहे थे। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।

छात्रों की मांग

प्रदर्शन में शामिल छात्रा सबा आफरीन ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर कुलपति से मिलने पहुंचे थे, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने गेट बंद करवा दिए और पुलिस बुला ली। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को उनकी ही यूनिवर्सिटी में प्रवेश से रोका जा रहा है। छात्रों की मांग है कि सीनेट के बजट में छात्र हितों और बुनियादी सुविधाओं के लिए पर्याप्त राशि आवंटित की जाए। 


फीस वृद्धि पर लगे रोक

साथ ही फीस वृद्धि पर रोक लगाने और यूनिवर्सिटी परिसर में कथित पुलिसिया दमन समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। छात्रों का कहना है कि देर रात पुलिस परिसर में प्रवेश कर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करती है और डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आती रही हैं।


सीनेट बैठक में कई फैसले 

इधर, यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आयोजित सीनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाना है। इसके अलावा पिछली एकेडमिक काउंसिल बैठक में लिए गए निर्णयों को सीनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है।  बैठक में कई नए रोजगारपरक कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होनी है। स्नातक स्तर पर तीन और चार वर्षीय डिग्री कोर्स के साथ स्किल आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना पर विचार किया जाएगा। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर भी दो वर्षीय कोर्स के साथ रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम जोड़े जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इन पाठ्यक्रमों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने की संभावना पर भी चर्चा होगी।


इसके अलावा सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से भूतपूर्व सैनिकों के लिए मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) में स्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल है।

अनिल की रिपोर्ट